मिर्जापुर में पुलिस चौकी के भीतर सिपाही और दरोगा को पीटा, वर्दी फाड़ी; यूपी में कानून से बेखौफ दिखे बदमाश

Uttar Pradesh Hindi News: सिपाही कमलेश पासवान ने बीच-बचाव कर ई-रिक्शा चालक को चौकी के कमरे में बंद कर दिया. इससे नाराज दबंगों ने बुधवार आधी रात फोन कर साथियों को बुलाया और चौकी पर हमला बोल दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट करते दबंग.

उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने मंडलीय अस्पताल स्थित पुलिस चौकी में घुसकर तैनात कॉन्स्टेबल (सिपाही) के साथ मारपीट कर दी. आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी. आधी रात हुई इस घटना पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत एक सड़क हादसे से हुई. बताया जा रहा है कि अस्पताल के पास गुड्डू सरदार के ई-रिक्शा की टक्कर के बाद कुछ दबंग लोगों ने चालक को पकड़ लिया. उसकी पिटाई के बाद उसे लेकर नजदीकी पुलिस चौकी पर पहुंचे.

मौके पर मौजूद सिपाही ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की और ई-रिक्शा चालक को बचाने के लिए उसे चौकी के कमरे में बंद कर दिया, लेकिन यही बात हमलावरों को नागवार गुजरी. उन्होंने अन्य लोगों को फोन कर बुला लिया. बुधवार को करीब आधी रात वही लोग गुस्से में चौकी पर पहुंच गए और अचानक हमला बोल दिया. इस दौरान उन्होंने पुलिस चौकी में घुसकर सिपाही कमलेश पासवान पर हमला कर दिया.

चौकी इंचार्ज के साथ भी की हाथापाई

बीच बचाव में चौकी इंचार्ज मनोज कुमार राय भी चोटिल हो गए. सिपाही के सिर में चोट आई. इतना ही नहीं, चौकी इंचार्ज दरोगा के साथ भी हाथापाई की गई, उनकी वर्दी फाड़ दी और बैज तक नोच लिया. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक कई उपद्रवी मौके से फरार हो गए थे.

इन आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है. विवेक जावला क्षेत्राधिकारी सदर का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. 3 आरोपियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. आरोपियों की पहचान भरत तिवारी, मनोज त्रिपाठी और विकास त्रिपाठी के रूप में है, जो देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के मेवली गांव के रहने वाले हैं.

Advertisement

ये भी पढ़ें- 10 थप्पड़ मारने वाली महिला के खिलाफ FIR, बेटी का मेहनताना लेने गई थी मां तो गला दबाकर की थी मारपीट

(मिर्जापुर से ब्रिजेंद्र दुबे की रिपोर्ट)

Featured Video Of The Day
सीट नहीं मिली तो थप्पड़ चल गया! दिल्ली मेट्रो में लड़की का हाईवोल्टेज ड्रामा