धर्म अलग, दिल एक... UP की मुस्लिम लड़की को राजस्थान की हिंदू युवती से प्यार, कैसे परवान चढ़ा समलैंगिक रिश्ता

हिंदू युवती अकेले जयपुर से मेरठ के मुल्हैडा गांव प्रेमिका के घर पहुंच गई. परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो हंगामा हो गया. मुस्लिम युवती ने भी परिवार से कहा- हम शादी कर अलग रहना चाहते हैं, बस आपकी रजामंदी चाहिए.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने की ठान ली, लेकिन इस कहानी में प्रेमी और प्रेमिका नहीं, बल्कि दोनों ही युवतियां हैं. प्यार को पाने की जिद इस कदर सिर पर सवार हुई कि जयपुर की हिंदू युवती अपनी मुस्लिम प्रेमिका से मिलने मेरठ पहुंच गई. दोनों शादी की जिद पर अड़ गईं, जब परिजनों को ये बात पता चली तो हंगामा हो गया. अब मामले में पुलिस की भी एंट्री हो गई है.

इंस्टाग्राम पर प्यार चढ़ा परवान

मामला मेरठ के सरधना थाना इलाके के मुल्हैडा गांव का है. यहां रहने वाली मुस्लिम युवती की इंस्टाग्राम पर दोस्ती जयपुर की रहने वाली युवती से हो गई. दोनों में फिर बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ा तो प्यार की दहलीज तक पहुंच गया. दोनों एक दूसरे से घंटों छिप छिपकर बातें करने लगीं. बात इतनी आगे बढ़ी कि दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खानी शुरू कर दी. चूंकि मेरठ की युवती मुस्लिम है और जयपुरी की युवती हिंदू. पहले मजहब की दीवारें सामने आईं, लेकिन फिर दोनों ने इस दीवार को तोड़कर शादी करने और साथ रहने की कसम खा ली.

युवती ने घर वालों के सामने रखा शादी का प्रस्ताव

प्रेम में पड़ी जयपुरी की हिंदू युवती ने हिम्मत दिखाई और वो जयपुर से अकेली मेरठ पहुंच गई. यहां से सरधना के मुल्हैडा गांव पहुंच गई. जब अपनी प्रेमिका के घर पहुंची तो दोनों की मुलाकात हो गई, लेकिन तभी जयपुर की युवती ने परिजनों के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया, ये सुनते ही परिजनों के पैरों के नीचे से जमीन निकल गई. मुस्लिम युवती से जब उसके परिवार के लोगों ने बात की तो उसने भी साफ कह दिया कि हम दोनों शादी करके अलग रहना चाहते हैं, बस आप लोगों की रजामंदी की जरूरत है.

जयपुर की युवती बोली-साथ जिएंगे और साथ मरेंगे

इसी बात को लेकर परिजनों ने हंगामा खड़ा कर दिया. सरधना के मुल्हैडा गांव में पुलिस भी पहुंच गई. परिजनों और पुलिस ने मिलकर दोनों को खूब समझाया, लेकिन दोनों शादी की जिद पर अड़ी रही. आखिरकार पुलिस दोनों युवतियों को थाने ले आई. घंटों काउंसिलिंग कराई गई, लेकिन कोई नतीजा निकलता सामने नहीं आया. जयपुरी से आई युवती ने साफ कह दिया कि अपनी प्रेमिका के बिना अब वो जिंदा नहीं रह सकती है. हमने साथ जीने मरने की कसमें खाई हैं, इसलिए अब तो साथ ही जिएंगे और साथ ही मरेंगे.

Advertisement

जयपुर में युवती के परिजनों को किया फोन, पुलिस करा रही काउंसिलिंग

मामला बढ़ा तो मेरठ पुलिस ने जयपुर में युवती के परिजनों से बातचीत की और उन्हें मेरठ बुला लिया है. शादी और साथ रहने की जिद पर अड़ी युवतियों की काउंसिलिंग कराई जा रही है. सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि दोनों युवतियों के परिजन बातचीत कर रहें हैं और दोनों की ही काउंसिलिंग कराई जा रही है, लेकिन दोनों ही मानने को तैयार नहीं है. दोनों की दोस्ती इंस्टाग्राम पर हुई थी। फिलहाल दोनों युवतियों को समझाने का भी पूरा प्रयास किया जा रहा है.

Featured Video Of The Day
NEET UG Exam Cancelled: NEET पेपर लीक पर सबसे बड़ा खुलासा! टाइमलाइन से समझिए पूरी साजिश!