लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क से सामने आया एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में एक सुरक्षाकर्मी (गार्ड) एक युवक को उसकी पत्नी और बच्चे के सामने ही कॉलर पकड़कर घसीटते और पीटते हुए दिख रहा है. आरोपी गार्ड ने बताया कि युवक नशे में था. इसी कारण विवाद बढ़ गया.
पत्नी-बच्चे के सामने युवक के साथ मारपीट
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि गार्ड एक व्यक्ति को जमीन पर गिराकर उसका कॉलर पकड़ते हुए उसे घसीट रहा है. इस दौरान युवक की पत्नी और बच्चा जोर-जोर से चिल्लाते रहे, लेकिन काफी देर तक कोई भी उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया. मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने पूरी घटना अपने मोबाइल में कैद कर ली, जिसके बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया.
मारपीट के बाद ई-रिक्शा में बैठाकर ले गए
आरोप है कि युवक को पीटने के बाद गार्डों ने उसे जल्दबाजी में ई-रिक्शा में बैठाकर वहां से भगा दिया, ताकि मामला ज्यादा न बढ़ सके. हालांकि, अब तक पीड़ित युवक की पहचान सामने नहीं आई है, जिससे मामले की पूरी सच्चाई अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
गार्ड का पक्ष- नशे में था युवक
मारपीट करने वाले गार्ड सोनू पाण्डेय ने एलडीए (LDA) अधिकारियों को बताया कि युवक नशे की हालत में था. आरोप है कि टिकट चेकिंग के दौरान उसने अपनी पत्नी को थप्पड़ मार दिया था. इसी बात को लेकर गार्ड ने उसे टोका, लेकिन बात बढ़ती चली गई और फिर विवाद मारपीट में बदल गया.
टिकट काउंटर पर हुआ विवाद
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, युवक अपनी पत्नी के साथ टिकट काउंटर पर ही बहस कर रहा था. गार्ड के अनुसार, समझाने के बावजूद युवक वहीं लेट गया, जिससे वहां भीड़ जमा होने लगी. ऐसे में उसे वहां से हटाने के लिए गार्ड को सख्ती करनी पड़ी, जो आगे चलकर मारपीट में बदल गई.
मामले में एलडीए के एई विशाल यादव का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल, संबंधित गार्ड को तत्काल प्रभाव से वहां से हटा दिया गया है. उन्होंने बताया कि जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.














