Lalitpur Stabbing Case: उत्तर प्रदेश के ललितपुर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली बात पर एक चाट विक्रेता पर जानलेवा हमला कर दिया गया. आरोप है कि युवती को गोलगप्पे खिलाने पर उसके कथित प्रेमी ने ठेले वाले पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. घायल युवक को पुलिस ने तुरंत मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है. इस घटना ने शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है. ललितपुर से NDTV के लिए ब्रजेश पंथ की रिपोर्ट.
आजादपुरा में हुई वारदात
यह घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के आजादपुरा इलाके की है. यहां अरविंद चाट के नाम से ठेला लगाने वाले राहुल पर एक युवक ने अचानक हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने बेखौफ अंदाज में चाकू से कई वार किए और मौके से फरार हो गया.
गोलगप्पे खिलाना बना वजह
घायल राहुल के अनुसार, उसने एक युवती को अपने ठेले पर गोलगप्पे खिलाए थे. इसके बाद जब वह रात को अपना ठेला लेकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में एक युवक ने उस पर अचानक हमला कर दिया. राहुल का कहना है कि उसे यह भी नहीं पता था कि युवती से आरोपी का क्या संबंध है और वह उसे क्यों निशाना बना रहा है.
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राहुल को तुरंत ललितपुर मेडिकल कॉलेज भेजा गया. डॉक्टरों के अनुसार, युवक के सिर और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
डॉक्टर का बयान
मेडिकल कॉलेज के ईएमओ डॉ. मानवेंद्र सिंह ने बताया कि घायल युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है. उन्होंने कहा कि मरीज का इलाज जारी है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर है.
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक पीड़ित या उसके परिजनों की ओर से लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं मिली है. तहरीर मिलने के बाद विधिवत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है.
इलाके में दहशत का माहौल
इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि खुलेआम इस तरह का हमला कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है.
यह भी पढ़ें : ट्विशा शर्मा केस: गिरिबाला का कोर्ट से जेल तक ड्रामा; CBI की सख्ती पर कैसे झुकी पूर्व जज, NDTV इनसाइड स्टोरी
यह भी पढ़ें : CGPSC घोटाला: पूर्व सचिव जेके ध्रुव और अमृत खलको के घर ED-CBI का छापा; जानिए क्या है मामला?
यह भी पढ़ें : NEET पेपर लीक : डॉक्टर बनने का सपना टूटा; कर्ज में डूबे पिता की बेटी आकांक्षा ने फांसी लगाकर दी जान
यह भी पढ़ें : सिस्टम ने मार डाला: जिंदा बुजुर्ग पोर्टल पर मृत घोषित; हरदा में 6 महीने से दफ्तरों के काट रहा चक्कर











