फोन पर कहा- 'मैं फांसी लगाने जा रही हूं…' और कट गया कॉल, लक्ष्मी-मोह‍ित ने 6 माह पहले की थी लव मैर‍िज

Kanpur Suicide Case में 26 वर्षीय नवविवाहिता ने पति से फोन पर आखिरी बात कर आत्महत्या कर ली. शादी को अभी 6 महीने ही हुए थे और मामूली विवाद के बाद यह कदम उठाया गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

अरुण कुमार अग्रवाल: उत्तर प्रदेश के कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक नवविवाहिता की जिंदगी उस वक्त खत्म हो गई, जब उसकी शादी को अभी महज 6 महीने ही हुए थे. जिस घर में नई शुरुआत की खुशबू होनी चाहिए थी, वहां मातम पसर गया.

मूल रूप से कानपुर देहात के सिकंदरा के रहने वाले मोहित कटियार, जो पेशे से ड्राइवर हैं, ने करीब छह महीने पहले लक्ष्मी विश्वकर्मा (26) से प्रेम विवाह किया था. दोनों ने समाज की परवाह किए बिना साथ रहने का फैसला लिया था.

मामूली विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

बीती 8 मार्च को ही दोनों कल्याणपुर के पुराना शिवली रोड पर किराए के कमरे में रहने आए थे. गुरुवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर हल्की कहासुनी हुई. इसके बाद मोहित काम पर निकल गए. सुबह करीब 10 बजे मोहित के फोन पर लक्ष्मी का कॉल आया. फोन उठाते ही लक्ष्मी ने कहा, “मैं फांसी लगाने जा रही हूं… तुम अपनी जिंदगी में खुश रहना.” इसके बाद कॉल कट गया.

दोस्त ने खिड़की से देखा तो उड़ गए होश

घबराए मोहित ने तुरंत वापस कॉल किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. अनहोनी की आशंका में उन्होंने पड़ोस में रहने वाली लक्ष्मी की दोस्त पूजा को फोन कर घर जाकर देखने को कहा. जब पूजा वहां पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली. खिड़की से झांककर देखा तो लक्ष्मी का शव फंदे से लटका हुआ था. यह नजारा देखकर उसकी चीख निकल गई.

Advertisement

पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और मकान मालिक मौके पर पहुंचे. डायल 112 और कल्याणपुर थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी पहुंची. दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा गया और साक्ष्य जुटाए गए.

कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला आपसी विवाद और आवेश में उठाया गया कदम लग रहा है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Bengal Elections 2026: बंगाल के रण में Suvendu Adhikari का गजब कॉन्फिडेंस! | Rahul Kanwal
Topics mentioned in this article