ग्रेटर नोएडा: पार्किंग को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी घटना

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. लाठी‑डंडों से हुई इस हिंसा की पूरी घटना CCTV और मोबाइल कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Greater Noida Parking Dispute: ग्रेटर नोएडा में पार्किंग को लेकर हुआ एक छोटा‑सा विवाद देखते ही देखते बड़ी मारपीट में बदल गया. बिसरख थाना क्षेत्र में दो पड़ोसी पक्षों के बीच लाठी‑डंडों से जमकर हाथापाई हुई. यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे और लोगों के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों पर कार्रवाई की.

बिसरख थाना क्षेत्र की राम श्याम कॉलोनी का मामला

यह घटना बिसरख थाना क्षेत्र के चिपियाना स्थित राम श्याम कॉलोनी की है. यहां अवधेश कुमार गुप्ता और आकाश कुमार शर्मा के मकान पास‑पास स्थित हैं. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से ही स्कूटी और वाहन पार्क करने को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी.

पार्किंग के विवाद ने लिया हिंसक रूप

जानकारी के अनुसार, बीते दिन फिर से स्कूटी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ. कहासुनी इतनी बढ़ गई कि अवधेश कुमार गुप्ता ने आकाश कुमार शर्मा के साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान मोहल्ले में अफरा‑तफरी मच गई.

परिवार के आने पर बढ़ा बवाल

मारपीट की जानकारी मिलते ही आकाश शर्मा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद विवाद और भड़क गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी‑डंडों से जमकर मारपीट हुई. आसपास मौजूद लोग बीच‑बचाव करते नजर आए, लेकिन हालात काफी देर तक तनावपूर्ण बने रहे.

Advertisement

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस मारपीट की पूरी घटना एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. इसके अलावा कुछ स्थानीय लोगों ने मोबाइल फोन से भी वीडियो बना लिया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दोनों पक्ष एक‑दूसरे पर लाठी‑डंडों से हमला कर रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और दोनों पक्षों से शिकायतें दर्ज कीं.  

दोनों पक्षों पर पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की है. साथ ही, भविष्य में किसी भी तरह का विवाद न करने की सख्त हिदायत दी गई है. पुलिस का कहना है कि मामले पर नजर रखी जा रही है और दोबारा हंगामा होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement
Featured Video Of The Day
PM Modi Appeal to nation: एक तरफ PM Modi की अपील, दूसरी तरफ Vijay बांट रहे Gold | Sucherita Kukreti