उत्तर प्रदेश के चर्चित IPS अधिकारी अमिताभ यश के पिता, सेवानिवृत्त आईपीएस रामयश सिंह का निधन हो गया है. 83 वर्षीय रामयश सिंह ने सोमवार को लखनऊ में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई. CM योगी आदित्यनाथ ने उनके निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि दी.
दिवंगत रामयश सिंह बिहार कैडर के एक जांबाज पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते थे. उन्होंने बिहार के पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, जहानाबाद जैसे उन जिलों की कमान संभाली थी, जिन्हें उस दौर में अपराध और कानून-व्यवस्था के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता था. उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा का लोहा केंद्र सरकार ने भी माना था, जिसके लिए उन्हें राष्ट्रपति के वीरता पदक से नवाजा गया था. वे डीआईजी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे.
रामयश सिंह की विरासत को उनके पुत्र अमिताभ यश (1996 बैच IPS) बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं, जो वर्तमान में उत्तर प्रदेश में अपराधियों के लिए खौफ का पर्याय बने हुए हैं. अमिताभ यश ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा बिहार की मिट्टी से प्राप्त की और बाद में सेंट स्टीफंस कॉलेज (दिल्ली) व आईआईटी कानपुर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से उच्च शिक्षा हासिल की. परिवार की प्रशासनिक जड़ें बहुत गहरी हैं. अमिताभ यश की पत्नी रेणु सिंह भी भारतीय वन सेवा (IFS) की एक वरिष्ठ और सम्मानित अधिकारी हैं.
ये भी पढ़ें : 'मां गंगा मुझे बुला रही हैं' के बाद 'मां काली मुझे ऊर्जा दे रही हैं'... PM मोदी की चिट्ठी का मर्म समझिए














