- IPS अधिकारी अंशिका वर्मा और संभल के एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई की शादी 28 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में होगी.
- अंशिका प्रयागराज की रहने वाली हैं और महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराध में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं.
- कृष्ण कुमार बिश्नोई राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं और संभल जिले में एसपी के पद पर तैनात हैं.
उत्तर प्रदेश के बरेली में तैनात IPS अधिकारी अंशिका वर्मा जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रही हैं. उनकी शादी उत्तर प्रदेश कैडर के ही IPS अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई से तय हुई है. दोनों की शादी 28 मार्च से राजस्थान के बाड़मेर में शुरू होने वाले तीन दिवसीय समारोह में होगी. इन दिनों इस शादी का वेडिंग कार्ड सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों में भी इस शादी की चर्चा हो रही है.
प्रयागराज की रहने वाली अंशिका अभी बरेली में एसपी साउथ
दरअसल अंशिका वर्मा इस समय बरेली में एसपी साउथ के पद पर तैनात हैं. वह मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली हैं. साल 2021 बैच की IPS अधिकारी अंशिका वर्मा अपने काम को लेकर काफी सक्रिय मानी जाती हैं. महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और तकनीक आधारित पुलिसिंग के मामलों में उन्होंने बरेली में कई अहम कदम उठाए हैं. इससे पहले वह गोरखपुर में एएसपी के पद पर भी तैनात रह चुकी हैं.
वहीं कृष्ण कुमार बिश्नोई साल 2018 बैच के IPS अधिकारी हैं और इस समय संभल जिले में एसपी के पद पर तैनात हैं. वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के रहने वाले हैं और बिश्नोई परिवार से ताल्लुक रखते हैं. कुछ समय पहले संभल में मस्जिद से जुड़े मामले को लेकर भी वह चर्चा में रहे थे.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा अंशिका और केके बिश्नोई की शादी का कार्ड.
28 मार्च को बाड़मेर में होगी शादी, 30 को जोधपुर में रिसेप्शन
दोनों अधिकारियों के परिवारों की मुलाकात के बाद शादी का फैसला लिया गया. इसके बाद अब शादी की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं. कार्यक्रम के मुताबिक 28 मार्च को बाड़मेर स्थित कृष्ण निवास से बारात निकलेगी और वहीं शादी की रस्में पूरी होंगी. 29 मार्च को विदाई का कार्यक्रम होगा. इसके बाद 30 मार्च को जोधपुर के एक रिसॉर्ट में रिसेप्शन रखा गया है, जिसमें कई बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल हो सकते हैं.
दोनों अधिकारी अपने-अपने काम से चर्चा में रहते हैं
बताया जा रहा है कि बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य समेत कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी इस समारोह में शामिल होंगे. IPS अंशिका वर्मा की खास बात यह भी है कि उन्होंने बिना कोचिंग के खुद पढ़ाई कर सिविल सेवा परीक्षा पास की थी. मार्च 2025 में उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेहतर काम के लिए दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में वुमेन आइकन अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया था.
आईपीएस केके बिश्नोई 2018 बैच के अधिकारी हैं. संभल के मस्जिद प्रकरण के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के बाद वे चर्चा में आए और उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विश्वसनीय अधिकारियों में गिना जाता है.
यह भी पढ़ें - ब्यूटी विद ब्रेन...लेडी सिंघम के नाम से फेमस हैं IPS अंशिका वर्मा, कुछ ऐसा रहा सफर
यह भी पढे़ं - सिर पर टोपी और उस पर गिलास... 'जमाल कुडू' गाने पर संभल एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई का डांस; देखें Video














