उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के मार्का थाना क्षेत्र अंतर्गत अधाव गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ से युवक-युवती के शव लटके हुए देखे. सूचना मिलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस और परिजनों को दी.
शुरुआती जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. बताया जा रहा है कि मृतका की शादी बीते 7 मई को ही हुई थी. विदाई के बाद जब वह ससुराल से वापस अपने मायके आई, तो बीती रात अचानक पूरी तरह सज-धज कर घर से लापता हो गई. परिजन रातभर उसकी खोजबीन करते रहे, लेकिन 20 मई 2026 की सुबह दोनों के शव पेड़ से लटके मिले. अंदेशा जताया जा रहा है कि प्रेमिका की शादी कहीं और होने से नाराज प्रेमी युगल ने यह आत्मघाती कदम उठाया.
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आया. मार्का थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
ससुराल से लौटने के बाद रात को घर से निकली
अपर एसपी शिवराज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि थाना मरका के ग्राम अधाव से पेड़ पर शव लटके होने की सूचना मिली थी. फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने मौके का गहनता से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया है. परिजनों से पूछताछ में सामने आया है कि युवती की शादी 7 मई को हुई थी और वह ससुराल से लौटने के बाद रात में घर से निकली थी. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर घटना के अन्य कारणों का पता लगाने में जुटी है. तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा केस: CBI जांच होगी, परिजनों से बोले सीएम-दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भोपाल से दिल्ली भेजेंगे शव
यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा केस: कोर्ट ने खारिज की दोबारा पोस्टमार्टम की अर्जी, 8 दिन से रखे शव का अब क्या होगा?














