अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव-2026 ने इस बार आस्था और संस्कृति के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन कारोबार को भी नई रफ्तार दी. 36 लाख दीपों की रोशनी और 2100 ड्रोन्स के भव्य शो ने देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटकों को आकर्षित किया. इसका सबसे ज्यादा फायदा होटल और होमस्टे कारोबार को मिला. पर्यटकों ने स्थानीय परिवारों द्वारा संचालित होमस्टे में ठहरना पसंद किया, जिससे कई परिवारों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई.
सात दिनों में पहुंचे 15 लाख पर्यटक
एक से सात नवंबर के बीच अयोध्या में करीब 15 लाख पर्यटक पहुंचे. पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या आठ लाख से कुछ अधिक थी. वहीं रामलला के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी पांच लाख से बढ़कर करीब 10 लाख तक पहुंच गई. पर्यटकों की इस रिकॉर्ड आमद ने स्थानीय बाजार, परिवहन, भोजन और आवास कारोबार को बड़ा लाभ पहुंचाया.
होमस्टे में रही शत-प्रतिशत बुकिंग
श्रीरामदूत निवास होमस्टे के संचालक वासुदेव मौर्य के अनुसार दीपोत्सव के दौरान उनके कारोबार में सामान्य दिनों की तुलना में 120 से 130 प्रतिशत तक वृद्धि हुई. सभी कमरे पहले से बुक रहे. महाराष्ट्र सहित कई राज्यों से आए पर्यटकों ने अपना प्रवास भी बढ़ाया. घर का भोजन, पारिवारिक माहौल और स्थानीय आतिथ्य उनके लिए खास आकर्षण रहा.
कुसुम होमस्टे के संचालक अविनाश कुसुम ने बताया कि उनके यहां भी पूरे उत्सव के दौरान कमरे भरे रहे. परिवार के साथ आने वाले पर्यटकों ने घर में बना भोजन पसंद किया और कई मेहमानों ने यहां के माहौल को अपने रिश्तेदार के घर जैसा बताया.
परिवारों और महिलाओं के लिए बना आय का जरिया
पूनम होमस्टे की संचालक पूनम सोनकर ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान उनके यहां 80 प्रतिशत कमरे बुक रहे. कई पर्यटकों ने अपना ठहराव बढ़ाया. इस कारोबार की बदौलत उनके परिवार को आय का नया स्रोत मिला. इतना ही नहीं, उनके बेटे ने दूसरे शहर में नौकरी करने के बजाय अयोध्या में रहकर पारिवारिक कारोबार से जुड़ने का फैसला किया. इससे दो अन्य लोगों को भी रोजगार मिला है.
पर्यटन से बदल रही स्थानीय अर्थव्यवस्था
द रामा जंक्शन की संचालक राजकुमारी तिवारी ने बताया कि सेना से सेवानिवृत्त उनके पति के लिए होमस्टे अब आय का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है. दीपोत्सव के दौरान उनके यहां भी सभी कमरे बुक रहे और दक्षिण भारत से आए पर्यटकों ने ठहराव किया.
मंत्री बोले- रोजगार का बड़ा जरिया बन रहा है पर्यटन
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं रह गया है. यह स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार का बड़ा माध्यम बन रहा है. वहीं पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात ने कहा कि होमस्टे के जरिए पर्यटक स्थानीय संस्कृति, खानपान और जीवनशैली को करीब से समझ पा रहे हैं. साथ ही स्थानीय परिवारों की आय बढ़ रही है.
यह भी पढ़ें- यह भी पढ़ें | 30 लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठी राम नगरी अयोध्या, ड्रोन से दिखाया गया रामायण का स्पेशल शो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं