आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बनी रोडवेज बस, 2 लोगों की मौत, कई यात्री झुलसे; टैंकर से टकराने के बाद हादसा

Agra-Lucknow Expressway Roadways Bus Fire: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से 2 लोगों की मौत हो गई है. वहीं 15 से 20 यात्री घायल हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक, बस कानपुर से गुडगांव जा रही थी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
UP Bus Fire: डबल डेकर बस में लगी आग.

Agra-Lucknow Expressway Roadways Bus Fire: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में बस चालक और परिचालक की मौत हो गई, जबकि 15 से 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं. वहीं हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई. कई यात्रियों ने बस के इमरजेंसी गेट और शीशे तोड़कर किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.

टैंकर से जा भिड़ी बस

जानकारी  के मुताबिक, कानपुर से गुड़गांव जा रही एक डबल डेकर बस खंबा नंबर 46 किलोमीटर के पास आगे चल रहे टैंकर से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में अचानक आग लग गई और कुछ ही देर में पूरी बस आग का गोला बन गई. यह घटना फिरोजाबाद के थाना मटसेना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुई. घायल प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ. हादसे में 15 से 20 यात्री घायल हुए हैं. 

अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही थाना मटसेना पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया. घायलों को शिकोहाबाद, सैफई और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है.

Advertisement

बस चालक और कंडक्टर की मौत

नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि यह बहुत ही दुखद घटना है. डबल डेकर बस टैंकर से टकराने के बाद उसमें आग लग गई. हादसे में 15 से 20 लोग घायल हुए हैं. पांच लोगों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज शिकोहाबाद और सैफई में चल रहा है. फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार बस चालक और कंडक्टर की मौत हो गई है.

कानपुर से गुडगांव जा रही थी बस

दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और टैंकर से अचानक हुई टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

Advertisement

घायल यात्री पूजा ने बताया कि हम सभी कानपुर से गुडगांव जा रहे थे. आगे डंपर पलट गया, जिसके बाद बस उसमें जा टकराई और उसमें आग लग गई, बस में 40 से 45 लोग सवार थे. बस में भगदड़ मच गई... कई लोगों को शीशे तोड़कर निकाला गया.

ये भी पढ़ें: Delhi Heat Stroke: दिल्ली में कहर बरपा रही है गर्मी, हीट स्ट्रोक का पहला मामला आया सामने, RML में भर्ती 24 साल के छात्र की हालत गंभीर

ये भी पढ़ें: रत्नागिरी में डॉक्टरों का कमाल: 70 वर्षीय महिला के पेट से निकाला 11 KG का ट्यूमर, मिली नई जिंदगी
 

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | मदरसे में वंदे मातरम के सवाल पर डिबेट में जब इधर-उधर की गाने लगे सपा प्रवक्ता!