मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को पुलिस का फरमान-अपने पुश्तैनी घर में नहीं रह सकते, आधी रात पहुंच गई फोर्स

Abbas Ansari Police Notice: गाजीपुर के मुहम्मदाबाद स्थित पैतृक आवास 'फाटक' पर रह रहे मऊ विधायक अब्बास अंसारी को पुलिस ने देर रात नोटिस थमाया है. गोपनीय सूचना पर पहुंची पुलिस ने अब्बास अंसारी से यहां रुकने का वैध कोर्ट ऑर्डर मांगा है और जवाब देने के लिए 24 घंटे का समय दिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • विधायक अब्बास अंसारी को गाजीपुर पुलिस ने उनके पैतृक आवास पर बिना वैध आदेश के रुकने पर आधिकारिक नोटिस थमाया
  • SC ने चित्रकूट में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मामले में अब्बास अंसारी को केवल तीन दिनों के प्रवास अनुमति दी थी
  • पुलिस को सूचना मिली कि अब्बास अंसारी तय समय सीमा खत्म होने के बाद भी गाजीपुर में रह रहे हैं
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Abbas Ansari Ghazipur Police: मऊ से विधायक अब्बास अंसारी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं. गाजीपुर पुलिस ने देर रात मुहम्मदाबाद स्थित उनके पैतृक आवास 'फाटक' पर पहुंचकर उन्हें एक आधिकारिक नोटिस थमाया है. पुलिस की यह कार्रवाई उस गोपनीय सूचना के बाद हुई है, जिसमें दावा किया गया था कि अब्बास अंसारी पिछले कई दिनों से बिना किसी नए अदालती आदेश के यहां आकर लगातार रुक रहे हैं. पूर्वांचल की राजनीति में रसूख रखने वाले अंसारी परिवार के इस पावर सेंटर पर आधी रात को हुई इस पुलिसिया कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है.

क्या है पूरा मामला और क्यों पहुंचा नोटिस

दरअसल, चित्रकूट में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अब्बास अंसारी को मानवीय आधार पर राहत देते हुए केवल तीन दिनों के लिए गाजीपुर में प्रवास करने की विशेष अनुमति दी थी. पूर्व में अब्बास अंसारी के वकीलों की ओर से पुलिस को जो कार्यक्रम भेजा गया था, उसके मुताबिक उन्हें 13 मई को गाजीपुर आना था. नियम के मुताबिक कोर्ट द्वारा तय की गई यह समयावधि बीते हुए कई दिन हो चुके हैं. इस बीच पुलिस के खुफिया तंत्र को जानकारी मिली कि अब्बास अंसारी कस्टडी परोल और कोर्ट के आदेशों की तय समय-सीमा खत्म होने के बाद भी लगातार पैतृक आवास 'फाटक' पर ही जमे हुए हैं और वहीं रात्रि विश्राम कर रहे हैं.

रात के अंधेरे में नोटिस तामील, मांगा कोर्ट का आदेश

इस इनपुट के आधार पर क्षेत्राधिकारी (CO) मुहम्मदाबाद भारी पुलिस बल के साथ देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच अचानक 'फाटक' पहुंचे. पुलिस टीम ने वहां मौजूद विधायक अब्बास अंसारी को सीधे नोटिस थमा दिया. पुलिस द्वारा दिए गए इस नोटिस में बेहद सख्त रुख अपनाया गया है. क्षेत्राधिकारी ने नोटिस के माध्यम से अब्बास अंसारी से साफ तौर पर पूछा है कि वे वर्तमान में किस कानूनी या अदालती आदेश के तहत इस आवास पर निवास कर रहे हैं. नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि उनके पास गाजीपुर में रुकने का कोई वैध और नया अदालती आदेश है, तो उसे तुरंत पुलिस के सामने प्रस्तुत करें या फिर उन्हें गाजीपुर छोड़ देना चाहिए.

जवाब देने के लिए मिला 24 घंटे का समय, साख पर संकट

दिलचस्प बात यह रही कि जब पुलिस अधिकारी मौके पर नोटिस सर्व कर रहे थे, उस समय अब्बास अंसारी की ओर से कोई भी नया या वैध अदालती आदेश प्रस्तुत नहीं किया जा सका. इसके बाद पुलिस ने उन्हें लिखित जवाब देने और संबंधित दस्तावेज़ पेश करने के लिए महज एक दिन यानी 24 घंटे का समय दिया है.कानूनी जानकारों के मुताबिक, एक जनप्रतिनिधि और न्यायिक हिरासत के अधीन चल रहे व्यक्ति के लिए यह स्थिति बेहद गंभीर है. अगर अब्बास अंसारी तय समय में कोई वैध आदेश नहीं दिखा पाते हैं, तो इसे कोर्ट के आदेश की अवहेलना माना जाएगा. इससे भविष्य में उन्हें मिलने वाली किसी भी तरह की कानूनी राहत या जमानत याचिकाओं पर सीधा असर पड़ सकता है. अब देखना होगा कि अंसारी परिवार और उनके वकील इस नोटिस का क्या कानूनी जवाब दाखिल करते हैं.

Advertisement
Featured Video Of The Day
पेट्रोल-डीजल फिर हुआ महंगा, लगातार चौथी बार बढ़े दाम, जानिए ताजा रेट