राजस्थान में पिछले रविवार, 8 मार्च को एक विदेशी महिला के साथ अनजाने में हुई गलती की एक घटना की बड़ी चर्चा हुई है. स्लोवाकिया की एक वैज्ञानिक महिला निकोला नोस्कोवा एक कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने आईआईटी दिल्ली आई थी. उसकी वापसी की फ्लाइट रद्द हो गई तो वह जयपुर घूमने चली आई और उसने इसके लिए एक टैक्सी बुक की. लेकिन गलती से उसने टैक्सी वाले को 3 हजार रुपए की जगह गलती से 30 हजार रुपए दे दिए. जब कुछ घंटे बाद उसे गलती का पता चला तो उसने जयपुर में पुलिस से संपर्क किया. कोतवाली थाना पुलिस ने इसके बाद मुस्तैदी दिखाई और 24 घंटे के अंदर टैक्सी को खोज निकाला और उसके 27 हजार रुपए वापस दिलवा दिए. इस घटना की बड़ी सराहना की जा रही है. लेकिन, इससे एक बड़ा ज़रूरी सवाल भी उठता है जिसका जवाब बहुत सारे लोग जानना चाहते होंगे, कि अगर किसी के साथ ऐसा हो जाए तो क्या करना चाहिए? अगर गलती से ज़्यादा पेमेंट कर दी तो क्या किया जाना चाहिए?
राजस्थान पुलिस ने इस घटना के बाद एक सलाह जारी कर बताया है कि अगर गलती से यूपीआई पेमेंट हो जाए तो इसके बाद क्या करना चाहिए. राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने एक एडवाइज़री में कहा है कि अगर कभी गलत UPI ट्रांज़ैक्शन हो जाए तो परेशान ना हों. उसने बताया है कि अगर कभी ऐसा हो जाता है तो 4 आसान उपायों से आप अपना पैसा वापस प्राप्त कर सकते हैं. आइए देखें कि क्या हैं ये 4 उपाय?
पहला उपाय - तुरंत लें स्क्रीनशॉट, नोट करें UTR
सबसे पहले ऐसा होने पर ग़लत पेमेंट का डिजिटल सबूत जमा कर लेना चाहिए. जैसे ही आपको पता चले कि पैसा गलत खाते में चला गया है, सबसे पहले उस लेनदेन का स्क्रीनशॉट ले लें. साथ ही, एक और ज़रूरी काम यह करें कि आप उस ट्रांज़ैक्शन के UTR (Unique Transaction Reference) नंबर को कहीं नोट कर लें. यह 12 अंकों का नंबर ग़लत पेमेंट हो गई राशि की रिकवरी का सबसे बड़ा आधार होता है.
दूसरा उपाय - UPI ऐप पर तुरंत रिपोर्ट करें
इसके बाद दूसरा काम यह करना है कि आपको उस यूपीआई ऐप पर रिपोर्ट दर्ज करनी है जिससे आपने पेमेंट की है. इसके लिए आप जिस भी ऐप (Google Pay, PhonePe, Paytm आदि) का उपयोग कर रहे हैं, उसकी ट्रांजैक्शन हिस्ट्री में जाएं. वहां आपको "Report a Problem" या "Raise a Dispute" जैसा विकल्प मिलेगा. आपको उसे चुनना है जिससे बैंक और पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर तक सूचना पहुंच जाती है. तुरंत सूचित करने से ट्रांजैक्शन को ट्रैक करना आसान हो जाता है.
तीसरा उपाय - बैंक से संपर्क करें
गलत पेमेंट हो जाने के बाद तीसरा काम यह करना है कि बिना समय गंवाए अपने बैंक की निकटतम शाखा में जाना है या बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर फोन करना है. आपको उन्हें बताना है कि कि पैसा गलती से ट्रांसफर हुआ है. आप इसके बाद बैंक को लाभार्थी (Beneficiary) की UPI ID, लेन-देन का समय और राशि का विवरण लिखित में दे दें. आरबीआई के नियमों के अनुसार, समय पर सूचना देने से रिफंड की प्रक्रिया तेज हो जाती है.
चौथा उपाय - NPCI पोर्टल: समाधान का अंतिम द्वार
बहुत संभावना है कि ऐप और बैंक से संपर्क करने पर आपको पैसा वापस मिल जाए. लेकिन यदि ऐप या बैंक से संतोषजनक समाधान नहीं मिलता है, तो आप NPCI (National Payments Corporation of India) को रिपोर्ट कर सकते हैं. आप इसके पोर्टल और हेल्पलाइन पर कॉल कर संपर्क कर सकते हैं. हेल्पलाइन का नंबर है - 1800-120-1740.
ये भी पढ़ें-: दिल्ली से जयपुर आई विदेशी महिला ने टैक्सी वाले को 3 की जगह दे दिये 30 हजार, पुलिस ने ड्राइवर को खोज निकाला














