Importance of stabilizers for the protection of electronic appliances : आजकल ज्यादातर घरों में टीवी, फ्रिज, एसी और कूलर जैसे इलेक्ट्रॉनिक एप्लायंसेज आम हो गए हैं, जिन पर लोग लाखों रुपये खर्च करते हैं. लेकिन बिजली में अचानक होने वाला वोल्टेज उतार-चढ़ाव इन महंगे सामानों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है. दरअसल, कई बार हाई फ्लक्चुएशन की वजह से ये इलेक्ट्रॉनिक सामान एक झटके में खराब हो जाते हैं, जिससे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. ऐसे में इन एप्लायंसेज की सुरक्षा के लिए वोल्टेज को कंट्रोल करना बेहद जरूरी हो जाता है. इस समस्या से निजात दिलाने में एक खास डिवाइस काफी मददगार साबित हो सकती है.
स्टेबलाइजर से बचाएं अपने इलेक्ट्रॉनिक सामान
बिजली सप्लाई में कभी-कभी वोल्टेज फ्लक्चुएशन देखने को मिलता है. यह स्थिति तब होती है, जब नेटवर्क पर ज्यादा लोड होता है या तकनीकी खराबी आ जाती है. इस स्थिति में बिजली का वोल्टेज कभी बहुत कम और कभी बहुत ज्यादा हो जाता है, जो इलेक्ट्रॉनिक सामानों को खराब कर सकता है. इस समस्या से निपटने में स्टेबलाइजर आपकी मदद कर सकता है. अक्सर लोग सिर्फ AC के साथ स्टेबलाइजर लगाते हैं. लेकिन एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि अगर आपके इलाके में अक्सर उतार-चढ़ाव देखने को मिलता है, तो आपको पूरे घर के लिए वोल्टेज स्टेबलाइजर लगाना चाहिए. यह सभी इलेक्ट्रॉनिक सामानों को एक साथ सुरक्षा प्रदान करता है और बड़े नुकसान से बचाता है.
कैसे काम करता है वोल्टेज स्टेबलाइजर?
वोल्टेज स्टेबलाइजर बिजली की सप्लाई को कंट्रोल करता है. यह आने वाले वोल्टेज को लगातार मॉनिटर करता है और जरूरत के अनुसार उसे बढ़ाता या घटाता है. इसमें ट्रांसफॉर्मर और कंट्रोल सर्किट होते हैं, जो पावर को स्टेबल रखते हैं. उदाहरण के लिए, अगर वोल्टेज 150V तक गिर जाए, तो स्टेबलाइजर उसे बढ़ाकर लगभग 220V कर देता है. वहीं, अगर वोल्टेज 260V तक बढ़ जाए, तो यह उसे घटाकर सुरक्षित स्तर यानी 220V पर ले आता है.
बाजार में उपलब्ध विकल्प
आज बाजार में कई तरह के स्टेबलाइजर उपलब्ध हैं, जिन्हें घर की जरूरत के अनुसार चुना जा सकता है. ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और लोकल मार्केट में 3 किलोवाट से लेकर 10 किलोवाट तक के मॉडल मिलते हैं. इसके अलावा, 5 KVA हेवी ड्यूटी स्टेबलाइजर भी उपलब्ध हैं, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये के आसपास होती है. अलग-अलग ब्रांड इन पर वॉरंटी भी देते हैं.
सही चयन क्यों है जरूरी?
हर घर की बिजली खपत अलग होती है, इसलिए स्टेबलाइजर खरीदते समय उसकी क्षमता का ध्यान रखना जरूरी है. सही क्षमता वाला स्टेबलाइजर न सिर्फ सामानों की सुरक्षा करता है, बल्कि उनकी लाइफ भी बढ़ाता है. अगर आप भी अपने घर के महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामानों को लंबे समय तक सुरक्षित रखना चाहते हैं, तो वोल्टेज स्टेबलाइजर एक बेहतर ऑप्शन है. क्योंकि यह छोटा सा डिवाइस बड़े आर्थिक नुकसान से बचाने में अहम भूमिका निभाता है.














