मेरठ मेट्रो और नमो भारत कॉरिडोर अब सिर्फ सफर का जरिया नहीं रहेंगे, बल्कि कारोबार का नया ठिकाना भी बनने जा रहे हैं. अगर आप दुकान, कैफे, फूड आउटलेट या सर्विस कियोस्क खोलने का सपना देख रहे हैं, तो आपके लिए बड़ा मौका सामने आया है. एनसीआरटीसी ने मेरठ के कई मेट्रो स्टेशनों पर कमर्शियल स्पेस के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है. खास बात ये है कि इन स्टेशनों पर हर दिन बड़ी संख्या में यात्री आते हैं, ऐसे में यहां बिजनेस शुरू करना फायदे का सौदा साबित हो सकता है.
किन स्टेशनों पर मिलेगा मौका
एनसीआरटीसी ने परतापुर से मोदीपुरम तक 8 स्टेशनों पर कमर्शियल स्पेस के लिए आवेदन मांगे हैं. इनमें रिठानी, शताब्दी नगर, भैंसाली, एमईएस कॉलोनी, डोरली, मेरठ नॉर्थ और मोदीपुरम जैसे स्टेशन शामिल हैं. इन स्टेशनों पर कुल 13 अलग-अलग जगहों को व्यापार करने के लिए तय किया गया है.
कितने समय के लिए मिलेगी दुकान
इन कमर्शियल स्पेस का लाइसेंस 9 साल के लिए दिया जाएगा. यहां दो तरह के स्पेस उपलब्ध होंगे. पहला बेयर स्पेस यानी खाली जगह और दूसरा बिल्ट-अप स्पेस यानी पहले से तैयार ढांचा. छोटे 4 वर्ग मीटर से लेकर 128 वर्ग मीटर तक की जगह उपलब्ध होगी, ताकि छोटे दुकानदारों से लेकर बड़े कारोबारियों तक सभी आवेदन कर सकें.
क्या-क्या खोल सकते हैं
स्टेशनों पर फूड आउटलेट, कैफे, सुविधा स्टोर, सर्विस कियोस्क और दूसरे रिटेल बिजनेस खोले जा सकेंगे. एनसीआरटीसी का मानना है कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और आसपास रहने वाले लोगों को भी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए आसानी होगी.
क्यों खास है ये मौका
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर करीब 82 किलोमीटर लंबा है और इस रूट पर बड़ी संख्या में यात्री सफर कर रहे हैं. मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों सेवाएं चल रही हैं. लगातार बढ़ती यात्री संख्या इन स्टेशनों को कारोबार के लिहाज से बेहद अहम बना रही है. यही वजह है कि यहां दुकान खोलना लंबे समय में अच्छा निवेश माना जा रहा है.
बोली लगाने का तरीका
इच्छुक कारोबारी एनसीआरटीसी की टेंडर प्रोसेस के जरिए आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के दौरान जरूरी दस्तावेज और तय नियमों का पालन करना होगा. चयन होने के बाद लाइसेंस के आधार पर स्पेस मुहैया कराया जाएगा.
ये भी पढ़ें:-दिल्ली वालों के लिए खुशखबरी: 9 साल का इंतजार खत्म, मिनटों में तय होगा मयूर विहार से AIIMS का सफर
ये भी पढ़ें:-खुशखबरी: HP के बाद Bharat gas ने भी ग्राहकों के लिए शुरू की ये पुरानी सर्विस, अब आसानी से मिलेगा LPG सिलेंडर














