भारतीय रेलवे (Indian Railways) से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए तत्काल टिकट (Tatkal Ticket) को लेकर बेहद जरूरी खबर है. 1 अगस्त 2026 से रेलवे ने तत्काल टिकट बुकिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए नियमों में बड़ा फेरबदल किया है.
रेलवे ने रिजर्वेशन काउंटरों पर लगने वाली लंबी लाइनों और धक्का-मुक्की को खत्म करने के लिए नया टोकन सिस्टम (Token System) लागू किया है. इसके साथ ही ऑनलाइन टिकटों की कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए डिजिटल वेरिफिकेशन को भी सख्त कर दिया गया है.
तत्काल टिकट के लिए अब मिलेगा टोकन, खत्म होगी लंबी लाइनें
रेलवे रिजर्वेशन काउंटर पर तत्काल टिकट के समय होने वाली भारी भीड़ और अव्यवस्था से निपटने के लिए रेलवे ने नया टोकन नियम लागू किया है. अब काउंटर पर पहुंचते ही यात्रियों को सबसे पहले एक टोकन जारी किया जाएगा. इसके बाद टोकन नंबर के आधार पर ही यात्रियों को टिकट खिड़की पर बुलाया जाएगा और उनकी बुकिंग की जाएगी. इस नई व्यवस्था से यात्रियों को घंटों लाइन में खड़े रहने या धक्का-मुक्की सहने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यात्री आराम से बैठकर अपनी बारी का इंतजार कर सकेंगे.
पहले क्या था नियम और अब क्या बदला?
इससे पहले यात्रियों को टोकन लेने के लिए अलग व्यवस्था से गुजरना पड़ता था और उसके बाद टिकट खिड़की पर फिर से लाइन लगानी पड़ती थी. यानी एक टिकट के लिए यात्रियों को दो-दो बार प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था. नए सिस्टम के तहत अब तत्काल बुकिंग शुरू होने के साथ ही सीधे काउंटर पर टोकन वितरण शुरू होगा, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और बार-बार चक्कर काटने की झंझट खत्म होगी.
ऑनलाइन बुकिंग में बॉट्स और दलालों पर नकेल
रिजर्वेशन काउंटर के अलावा IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट और ऐप के जरिए ऑनलाइन तत्काल टिकट बुक करने वाले यात्रियों के लिए भी सुरक्षा सख्त कर दी गई है. दरअसल, ऑटोमेटेड बॉट्स, फर्जी आईडी और टिकट दलालों की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए रेलवे ने आधार आधारित (Aadhaar-based) OTP वेरिफिकेशन को अनिवार्य कर दिया है. इस डिजिटल सत्यापन के बाद ऑटोमैटिक सॉफ्टवेयर के जरिए टिकट ब्लॉक करने वाले दलालों की धंधेबाजी पर रोक लगेगी, जिससे आम नागरिकों को कंफर्म तत्काल टिकट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी.
यह भी पढ़ें- SIR के दौरान वोटर लिस्ट से कट तो नहीं गया आपका नाम? घर बैठे ऐसे करें चेक
काउंटर जाने से पहले इन बातों का रखें विशेष ध्यान
यदि आप तत्काल टिकट बनवाने के लिए रेलवे स्टेशन के रिजर्वेशन काउंटर पर जा रहे हैं, तो इन बातों की तैयारी पहले से रखें. अपने साथ आधार कार्ड या कोई अन्य वैध सरकारी फोटो आईडी कार्ड अवश्य ले जाएं. फॉर्म में यात्रियों के सही नाम, सटीक उम्र, लिंग और यात्रा की तारीख पहले से स्पष्ट लिखकर रखें और टोकन प्रक्रिया शुरू होने से थोड़ा पहले स्टेशन काउंटर पहुंचें ताकि आपको शुरुआती टोकन नंबर मिल सके.
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन से पहले बदल जाएंगे स्पीड पोस्ट के नियम, राखी भेजने से पहले देखें नई रेट लिस्ट