Air Ambulance: मेडिकल इमरजेंसी के समय हर सेकंड बहुत कीमती होता है. ऐसे में तुरंत सही अस्पताल और विशेषज्ञ डॉक्टर तक पहुंचना जिंदगी बचा सकता है. जब भी कोई बीमार होता है, तो लोग हॉस्पिटल जाने के लिए फौरन एंबुलेंस को कॉल करते हैं. इस समय पूरे देश में तेज और बेहतरीन इलाज के लिए एयर एंबुलेंस का इस्तेमाल बढ़ गया है, लेकिन क्या आप एयर एंबुलेंस के खर्चे के बारे में जानते हैं? इसको कैसे बुक किया जाता है? किन शहरों में एयर एंबुलेंस सुविधा का लाभ मिल रहा है? चलिए आपको बताते हैं Air Ambulance को लेकर सभी जानकारी...
यह भी पढ़ें:- बदल गए एयर टिकट के नियम, कैंसिल करने पर भी मिलेगा पूरा पैसा, लेकिन शर्त है
क्या होती है एयर एम्बुलेंस?
एयर एम्बुलेंस एक खास तरह का विमान या हेलिकॉप्टर होता है, जिसमें मेडिकल उपकरण और स्पेशल ट्रेनिंग प्राप्त डॉक्टर या पैरामेडिक्स मौजूद होते हैं. एयर एंबुलेंस में वेंटिलेटर, कार्डियक मॉनिटर और अन्य जरूरी मेडिकल इक्विपमेंट भी मौजूद होते हैं, जिससे मरीज का रास्ते में भी पूरी तरह से इलाज हो सके. यह गंभीर मरीजों को बहुत कम समय में एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए इस्तेमाल की जाती है.
एयर एम्बुलेंस कब जरूरी होती है?
जब मरीज की हालत बहुत नाजुक हो या जब वह किसी दूर-दराज, गांव या पहाड़ी इलाके में हो जहां जल्दी इलाज मिलना मुश्किल है, तब एयर एम्बुलेंस जिंदगी बचाने का सबसे तेज तरीका बन जाती है. भारत में अब एयर एम्बुलेंस सेवाएं काफी लोकप्रिय हो रही हैं और कई लोग इसका उपयोग कर पा रहे हैं.
एयर एंबुलेंस कैसे बुक करें?भारत में कई कंपनियां एयर एंबुलेंस सर्विस देती हैं, जैसे ICATT, Aeromed, Airborne Private Jet, Medanta और Panchmukhi आदि. एयर एंबुलेंस की जरूरत और बुकिंग हमेशा डॉक्टर की सलाह के आधार पर होती है. एयर एंबुलेंस को बुक करने के लिए आप कंपनी के कॉल सेंटर, वेबसाइट या मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आपको सबसे पहले मरीज का मेडिकल स्टेटस और अस्पताल का नाम देना होगा इसके बाद मरीज का पहचान पत्र (आधार या पासपोर्ट) देना है. इसके बाद डॉक्टर द्वारा जारी केस समरी को देना है.
Airborne Private Jet की जानकारी के अनुसार, लखनऊ से नई दिल्ली के लिए एक एयर एंबुलेंस का किराया लगभग 5,12,635 है, इसके साथ 18% टैक्स और कुछ अतिरिक्त चार्जेज भी लागू होंगे. यह केवल एकतरफा (one-way) चार्ज है. अगर राउंड ट्रिप करना हो तो अलग से चार्ज लगेगा.














