Delhi Traffic Advisory: अगर आप उत्तर-पूर्वी दिल्ली के रहने वाले हैं या खजूरी चौक की तरफ से रोजाना ऑफिस या काम पर जाते हैं, तो यह खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. अगले 20 दिनों तक आपको अपनी पुरानी राह बदलनी पड़ सकती है, वरना आप लंबे जाम में फंस सकते हैं. खजूरी चौक के पास वाली सर्विस रोड को NHAI (नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. आइए जानते हैं क्या है पूरा मामला और आपको क्या सावधानी बरतनी है.
क्यों बंद हुई ये सड़क
खजूरी चौक के पास सर्विस रोड का एक हिस्सा बहुत ही संकरा (पतला) था. आलम यह था कि आगे सड़क 20 मीटर चौड़ी थी, लेकिन बीच में एक जगह सिर्फ 12 मीटर रह जाती थी. इस सड़क की वजह से सुबह-शाम घंटों जाम लगा रहता था. अब NHAI इस पूरी रोड को 20 मीटर चौड़ा करने का काम तेजी से चल रहा है.
अगले 20 दिन क्या होगा
- भारी मशीनों के जरिए खुदाई और सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया है.
- सर्विस रोड के इस हिस्से पर फिलहाल गाड़ियों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी.
- दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून हाईवे के ढलान को भी ठीक किया जा रहा है, ताकि गाड़ियां बिना झटके के फर्राटे भर सकें.
स्थानीय लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
करीब डेढ़ साल पहले सांसद मनोज तिवारी और केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने यहां का दौरा किया था और जाम की समस्या खत्म करने का वादा किया था. अब उसी पर काम हो रहा है. एक बार सड़क चौड़ी हो गई, तो खजूरी चौक पर रेंगने वाला ट्रैफिक इतिहास बन जाएगा.
जाम से कैसे बचें
- अगर मुमकिन हो तो खजूरी चौक सर्विस रोड के बजाय आसपास के दूसरे रास्तों का इस्तेमाल करें.
- अगर इस रूट से जाना मजबूरी है, तो अपने सामान्य समय से 15-20 मिनट पहले घर से निकलें.
- रास्ता साफ है या नहीं, इसके लिए निकलने से पहले एक बार गूगल मैप्स पर ट्रैफिक की स्थिति जरूर देख लें.














