दिल्ली में एसी ब्लास्ट की घटनाएं एक बार फिर चिंता बढ़ा रही हैं. हाल ही में एसी फटने से लगी आग में देश के पूर्व CCI चेयरमैन और वरिष्ठ IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की जान चली गई. इससे पहले विवेक विहार में भी ऐसी ही एक घटना में 9 लोगों की मौत हो चुकी है. इन हादसों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या एसी सच में इतना खतरनाक हो सकता है? एक्सपर्ट के मुताबिक, एसी अचानक ब्लास्ट नहीं होता, बल्कि उससे पहले कई चेतावनी संकेत देता है. अगर इन संकेतों को समय रहते पहचान लिया जाए, तो बड़े हादसों और जान-माल के नुकसान से बचा जा सकता है.
गर्म हवा देना
अगर, आप लंबे समय तक एसी चला रहे हैं और AC ठंडक के बजाय गर्म हवा फेंकने लगे, तो इसका मतलब है कि वह ओवरहीट हो रहा है या उसमें कोई तकनीकी खराबी आ गई है. ऐसी स्थिति में एसी को तुरंत बंद कर देना चाहिए और टेक्नीशियन को दिखाना चाहिए.
जलने की बदबू
अगर, एसी में चलते समय प्लास्टिक या तार के जलने जैसी गंध आने लगे तो यह बहुत खतरनाक है. ऐसी स्थिति शॉर्ट सर्किट या वायरिंग में आग लगने का सीधा संकेत है.
अजीब आवाजें
अगर, आपके एसी से अजीब सी आवाजें आने लगे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. आउटडोर यूनिट से खड़खड़ाहट, घरघराहट या तेज आवाजें आना कंप्रेसर खराब होने का इशारा है. ऐसे में एसी में ब्लास्ट हो सकता है.
यह भी पढ़ें:- पुराना मोबाइल बेचने की सोच रहे हैं? पहले कर लें ये 7 जरूरी काम, वरना बाद में पड़ सकता है पछताना
पानी का रिसाव
AC के अंदर या आसपास पानी का ज्यादा रिसाव हो रहा है तो आपको पहले से ही सतर्क हो जाना चाहिए और टेक्नीशियन को दिखाना चाहिए, क्योंकि पानी इलेक्ट्रिकल पार्ट्स तक पहुंचकर शॉर्ट सर्किट कर सकता है.
MCB का बार-बार गिरना
अगर, AC चलने पर घर की मेन MCB बार-बार ट्रिप हो रही है, तो यह बिजली के भारी लोड या शॉर्ट सर्किट की चेतावनी है.
AC ब्लास्ट से बचने के लिए सेफ्टी टिप्स
नियमित सर्विसिंग- साल में कम से कम एक बार एसी की सर्विसिंग कराएं.
तापमान सेट करें- एसी को 24-25 डिग्री के बीच चलाएं, इससे कंप्रेसर पर लोड नहीं पड़ता.
वायरिंग की जांच- 5-6 साल पुराने एसी के तारों और वायरिंग की जांच कराएं, क्योंकि पुरानी वायरिंग जल सकती है.











