टीवी पर सिर्फ एक धुन बजती थी... और अगले ही पल पूरा घर चुप हो जाता था. बच्चों की बातें रुक जाती थीं, बड़े भी अपनी जगह छोड़ने का नाम नहीं लेते थे. जैसे-जैसे गाने की धुन आगे बढ़ती, वैसे-वैसे तिलिस्म और रोमांच से भरी एक नई दुनिया का दरवाजा खुलने लगता था. मजेदार बात ये है कि उस धुन को सुनकर करोड़ों लोगों ने बचपन बिताया, लेकिन उसकी आवाज के पीछे कौन था, ये राज आज भी बहुत कम लोग जानते हैं. फिल्मों में अपनी आवाज का जादू बिखेरने से पहले एक मशहूर सिंगर ने दूरदर्शन के इस सुपरहिट शो को अपनी आवाज देकर हमेशा के लिए यादगार बना दिया.
जब खुला 90s का सबसे प्यारा राज
ये शो था 'चंद्रकांता', जिसने 90s में दूरदर्शन पर आते ही दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया था. शो की कहानी जितनी दिलचस्प थी, उसका टाइटल सॉन्ग भी उतना ही खास था. बहुत कम लोग जानते हैं कि इस यादगार टाइटल ट्रैक को सोनू निगम ने अपनी आवाज दी थी. उनकी आवाज ने शो के रहस्यमयी माहौल को ऐसा रंग दिया कि पहली धुन बजते ही लोग टीवी के सामने टिक जाते थे.
ये भी पढ़ें- रामायण- महाभारत ही नहीं दारा सिंह इस फिल्म में भी बने थे हनुमान, मौसमी चटर्जी ने कहा- माता सीता भगवान हनुमान
कहानी से ज्यादा छा गई आवाज
तिलिस्म, ऐयारी, प्यार और सस्पेंस से भरी चंद्रकांता की दुनिया हर हफ्ते दर्शकों को नई रोमांचक यात्रा पर ले जाती थी. लेकिन शो का टाइटल सॉन्ग भी इसकी सबसे बड़ी पहचान बन गया. उस दौर में ना सोशल मीडिया था और ना ही यूट्यूब, फिर भी लोग इसकी धुन गुनगुनाते थे. यही वजह है कि आज भी ये गाना सुनते ही 90s की ढेर सारी यादें ताजा हो जाती हैं.
शक्तिमान के दौर में भी रही अलग पहचान
बाद में टीवी पर शक्तिमान जैसे कई बड़े शो आए, लेकिन चंद्रकांता का जादू कभी फीका नहीं पड़ा. राजकुमारी चंद्रकांता, वीरेंद्र सिंह, क्रूर सिंह और तिलिस्मी दुनिया ने इस शो को घर-घर की पसंद बना दिया. यही कारण है कि तीन दशक बाद भी इसका नाम टीवी के सबसे आइकॉनिक शोज में लिया जाता है.
आज भी नहीं भूले लोग वो धुन
आज भी सोशल मीडिया पर जैसे ही चंद्रकांता का टाइटल सॉन्ग सुनाई देता है, लोग सीधे अपने बचपन में पहुंच जाते हैं. और जब उन्हें पता चलता है कि उस जादुई धुन के पीछे सोनू निगम की आवाज थी, तो उनकी पुरानी यादें और भी ताजा हो जाती हैं. शायद यही वजह है कि ये शो और इसका टाइटल ट्रैक आज भी 90s के सबसे खूबसूरत यादगार पलों में शामिल हैं.
ये भी पढ़ें- एआर रहमान ने मक्का में हज में लिखा था ये बॉलीवुड का स्पेशल सगाई, मिस्र की सिंगर ने गाया, डांस करने पर मजबूर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं