वैसे तो कई एक्टर्स ने पर्दे पर भगवान हनुमान का किरदार निभाया है, लेकिन रामानंद सागर के मशहूर टीवी शो रामायण में दारा सिंह के किरदार जैसी गहरी छाप किसी ने नहीं छोड़ी. हालांकि कम ही लोग जानते हैं कि दारा सिंह ने पहले इस रोल के लिए मना कर दिया था. लेकिन जब उन्होंने इस रोल को किया तो इसे पूरी शिद्दत से निभाया. इस रोल को करने के लिए उन्होंने बहुत मेहनत भी की थी.एक इंटरव्यू में, दारा सिंह के बेटे विंदू दारा सिंह ने बताया था कि उनके पिता शुरू में हनुमान का रोल करने में हिचकिचा रहे थे. दारा सिंह को लगा कि शायद वह इस रोल के लिए बूढ़े हो गए हैं. उन्होंने मेकर्स को कहा कि वो 60 साल के हो चुके हैं और इस रोल के लिए उन्हें किसी यंग एक्टर को चुनना चाहिए.

हालांकि रामानंद सागर ने जिo की और दारा सिंह को अपनी टीवी सीरीज में काम करने के लिए मना लिया. दारा सिंह ने आखिरकार हां कर दी. विंदू ने यह भी बताया कि अरुण गोविल, जिन्होंने भगवान राम का रोल किया था, शुरू में लक्ष्मण का रोल करने के लिए चुने गए थे.

बिंदू दारा सिंह ने बताया कि, “हम उनके घर गए और पूरा परिवार टेबल पर बैठा था. रामानंद सागर ने मेरे पिता से कहा, ‘तारा तैयार हो जाओ.' मेरे पिता ने कहा, ‘पापाजी किसी जवान लड़के को इस उम्र में ले लो नहीं कर सकता हनुमान जी. मैं वरजिश भी नहीं करता.'

रामानंद सागर ने मेरे पिता से कहा कि आप भगवान के आदेश को इग्नोर नहीं कर सकते. उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही पूरी कास्ट साइन कर ली थी लेकिन उन्हें एक सपना आया जिसमें उन्होंने अरुण गोविल को भगवान राम के रोल में और दीपिका चिखलिया को सीता के रोल में देखा. और मेरे पिता भगवान हनुमान के रोल में थे. उन्होंने कहा, ‘अब यह भगवान का ऑर्डर है. भगवान हनुमान का रोल करने के लिए दारा सिंह ने नॉनवेज खाना भी छोड़ दिया था. जबकि वह पहले सब कुछ खाया करते थे.

इस रोल को निभाने के लिए दारा सिंह सेट पर 7-8 घंटे तक भूखे रहा करते थे. उस समय वीएफएक्स और मेकअप की इतनी सुविधा नहीं थी, जिस वजह से मेकअप बार-बार करना मुश्किल होता था. हनुमान जी के किरदार के लिए उनके चेहरे पर मोल्ड मास्क लगा रहता था, जिस वजह से वो खा नहीं पाते थे. पूंछ की वजह से वह बैठ भी नहीं पाते थे. उनके लिए सेट पर एक स्टूल रखी गई थी, जिस पर पूछ के लिए अलग से जगह बनी थी और वह उसी पर बैठते थे.

रामायण में दारा सिंह के डायलॉग्स को डब किया जाता था. क्योंकि वह पंजाबी बैकग्राउंड से आते थे और उनकी हिंदी इतनी शुद्ध नहीं थी. शो के डायलॉग्स शुद्ध हिंदी और संस्कृत में थे. दारा सिंह हनुमान के किरदार में इतने रम गए थे कि नींद में भी डायलॉग्स बोला करते थे.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं