Sony, जो लंबे समय से प्रीमियम टीवी बनाने के लिए जाना जाता है, अब अपने टीवी बिजनेस में बड़ा बदलाव करने जा रहा है. खबरों के मुताबिक, Sony अपनी होम एंटरटेनमेंट यूनिट का बड़ा हिस्सा चीन की कंपनी TCL को बेच सकता है. इस डील की कीमत करीब ₹8,300 करोड़ बताई जा रही है. ये डील अपने फाइल फेज में है.
जनवरी में दोनों कंपनियों के बीच एक समझौता हुआ था, जिसमें एक जॉइंट वेंचर बनाने की योजना सामने आई थी. इस नई साझेदारी में TCL के पास 51% हिस्सेदारी होगी, जबकि Sony के पास 49% हिस्सा रहेगा. इसका मतलब है कि संचालन की जिम्मेदारी TCL के पास होगी, लेकिन Sony भी इसमें शामिल रहेगा.
Sony TVs का क्या होगा भविष्य?
इस खबर को सुनकर कई लोगों को लग सकता है कि अब Sony TV बनाना बंद कर देगा, लेकिन ऐसा नहीं है. Sony का Bravia ब्रांड पहले की तरह ही बाजार में मिलता रहेगा और उसी लोगो के साथ आएगा, जो सालों से क्वालिटी और भरोसे का प्रतीक रहा है.
असल में बदलाव सिर्फ इतना होगा कि अब टीवी का निर्माण और सप्लाई TCL संभालेगी यानी टीवी का ब्रांड Sony रहेगा, लेकिन उसे बनाने का तरीका बदल जाएगा.
Sony की पहचान और क्वालिटी
Sony के टीवी हमेशा से बेहतरीन पिक्चर क्वालिटी, साफ आवाज और शानदार डिजाइन के लिए जाने जाते हैं. Trinitron टीवी से लेकर आज के OLED और LCD मॉडल तक, Sony ने हमेशा कलर, मूवमेंट और साउंड क्वालिटी पर खास ध्यान दिया है.
आने वाले समय में भी Sony TV में ये सभी खासियतें देखने को मिलेंगी, लेकिन अब इन्हें बनाने में TCL की टेक्नोलॉजी और बड़े स्तर पर उत्पादन की क्षमता का इस्तेमाल किया जाएगा.
आज के समय में टीवी बाजार में काफी ज्यादा कॉम्पिटिशन हो गया है. Samsung, LG, TCL और Hisense जैसी कंपनियां कम कीमत में ज्यादा फीचर्स देने की कोशिश कर रही हैं. ऐसे में Sony के लिए खुद से टीवी बनाना और प्रतिस्पर्धा में बने रहना मुश्किल हो रहा था.
Sony पहले ही अपने टीवी पैनल खुद बनाना बंद कर चुका है और अब दूसरे सप्लायर्स पर निर्भर है. वहीं TCL ने अपने प्रोडक्शन और सप्लाई चेन में काफी निवेश किया है, जिससे वह कम लागत में ज्यादा टीवी बना सकता है.
ये भी पढ़ें - अब WhatsApp चलाने के लिए SIM फोन में रखना होगा जरूरी, जानिए सरकार का पूरा नियम
आगे क्या बदलेगा?
इस डील के बाद Sony और TCL मिलकर नए टीवी बनाएंगे, जिनमें बेहतर टेक्नोलॉजी और किफायती कीमत का बैलेंस देखने को मिल सकता है. यूजर्स के लिए अच्छी बात यह है कि Sony का भरोसेमंद ब्रांड बना रहेगा, लेकिन पर्दे के पीछे काम करने वाली तकनीक और मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम बदल जाएगा.














