अमेरिका की मशहूर AI कंपनी OpenAI इस साल के अंत तक मुंबई और बेंगलुरु में नए ऑफिस खोलेगी. इसके लिए कंपनी ने भारत की बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज़ (TCS) के साथ साझेदारी की है. OpenAI पहले से नई दिल्ली में अपना ऑफिस चला रही है, लेकिन अब वह देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और टेक्नोलॉजी हब बेंगलुरु में भी अपने सेंटर स्थापित करेगी.
कंपनी ने TCS के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर AI डेटा सेंटर बनाने की योजना बनाई है. OpenAI, TCS के नए डेटा सेंटर बिजनेस का पहला ग्राहक बनेगा और शुरुआत में 100 मेगावाट क्षमता का उपयोग करेगा. यह पहल ग्लोबल Stargate प्रोग्राम का हिस्सा है, जो कई सालों में 500 बिलियन डॉलर के निवेश से बड़े AI डेटा सेंटर बनाने पर केंद्रित है.
OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत के पास तकनीकी प्रतिभा, सकारात्मक सोच और सरकारी सहयोग है, जिससे वह 'डेमोक्रेटिक AI' यानी सबके लिए उपलब्ध AI के भविष्य को दिशा दे सकता है' उन्होंने यह भी कहा कि 'OpenAI for India' पहल के तहत कंपनी भारत के साथ मिलकर AI इंफ्रास्ट्रक्चर, स्किल्स और स्थानीय साझेदारी को मजबूत करेगी.
हाल ही में कंपनी ने बताया कि भारत में हर हफ्ते 10 करोड़ से ज्यादा लोग ChatGPT का उपयोग कर रहे हैं. इस आंकड़े के साथ भारत, अमेरिका के बाद OpenAI का दूसरा सबसे बड़ा बाजार बन गया है और एशिया में सबसे बड़ा बाजार है.
इसके अलावा, टाटा समूह आने वाले सालों में अपने अलग-अलग व्यवसायों में ChatGPT Enterprise को लागू करेगा. इसकी शुरुआत लाखों कर्मचारियों से होगी, जिससे यह एशिया के सबसे बड़े एंटरप्राइज AI डिप्लॉयमेंट में से एक बन सकता है. ChatGPT Enterprise बड़े संगठनों के लिए खास सुरक्षा, गोपनीयता नियंत्रण और एडमिन फीचर्स के साथ आता है.













