मोबाइल से ली गई ढेरों फोटोज़ और वीडियोज़ से Google Photos की स्टोरेज जल्दी भर जाती है. खासकर वीडियो फाइल्स ज्यादा जगह घेरती हैं. जब स्टोरेज फुल हो जाती है, तो नई फोटो और वीडियो अपलोड नहीं हो पातीं. इसलिए समय-समय पर फालतू फाइलें हटाकर जगह खाली करना जरूरी हो जाता है. आज आपको यहां बताते हैं Google Photos की स्टोरेज को खाली करने का सही तरीका.
1. सबसे पहले वीडियो फाइलें चेक करें
वीडियो आमतौर पर फोटो से ज्यादा स्टोरेज लेते हैं, इसलिए शुरुआत इन्हीं से करें. Google Photos में वीडियो सर्च सेक्शन पर जाकर अपनी सभी वीडियो देखें. वहां से जिन वीडियो की जरूरत नहीं है, उन्हें चुनकर डिलीट कर दें. इसके अलावा 'Unsupported Videos' वाले सेक्शन में भी जाएं. ये वे वीडियो होते हैं जो Photos में सही तरह से सपोर्ट नहीं होते और सर्च में दिखाई भी नहीं देते. अगर ऐसी वीडियो फाइलें आपके काम की नहीं हैं, तो उन्हें भी हटा दें.
2. पुरानी और बेकार फोटो हटाएं
अपने सबसे पुराने फोटो तक स्क्रॉल करें और ऐसी तस्वीरें पहचानें जो अब काम की नहीं हैं. जैसे धुंधली फोटो, डुप्लीकेट इमेज या ऐसे इवेंट्स की तस्वीरें जिनकी अब जरूरत नहीं है. इन्हें हटाने से काफी स्पेस खाली हो सकता है.
3. Explore पेज का इस्तेमाल करें
Google Photos का Explore पेज आपको अलग-अलग कैटेगरी में फोटो और वीडियो दिखाता है. यहां आप किसी खास व्यक्ति, जगह, स्क्रीनशॉट, वीडियो या ऑटोमेटिक बनी एनिमेशन और मूवी जैसी फाइलें आसानी से ढूंढ सकते हैं. इस फीचर की मदद से आप एक साथ कई अनावश्यक फाइलें पहचान सकते हैं और उन्हें हटाकर स्टोरेज बचा सकते हैं.
4. Trash को खाली करना न भूलें
जब आप फोटो या वीडियो डिलीट करते हैं, तो वे तुरंत पूरी तरह से हटते नहीं हैं, बल्कि Trash में चले जाते हैं. इसलिए फाइलें चुनने और डिलीट करने के बाद Trash सेक्शन में जाएं. वहां जाकर 'Empty Trash' पर क्लिक करें और पुष्टि करें कि आप इन्हें स्थायी रूप से हटाना चाहते हैं. ध्यान रखें कि एक बार स्थायी रूप से डिलीट होने के बाद इन फाइलों को वापस नहीं लाया जा सकता.
5. नियमित सफाई से मिलेगी राहत
Google Photos की नियमित सफाई करने से आपका अकाउंट फुल नहीं होगा. वीडियो, अनसपोर्टेड फाइलें, डुप्लीकेट फोटो और बेकार स्क्रीनशॉट हटाकर आप काफी स्पेस बचा सकते हैं. सही तरीके से मैनेजमेंट करने पर आपको अतिरिक्त स्टोरेज खरीदने की जरूरत भी कम पड़ सकती है और आपका डिजिटल एल्बम हमेशा साफ-सुथरा बना रहेगा.














