आज के समय में Google Maps सिर्फ रास्ता दिखाने वाला ऐप नहीं रहा, बल्कि लोग यहां फोटो, वीडियो और रिव्यू भी शेयर करते हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने ऐसे तीन अपडेट्स पेश किए हैं, जो यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाएंगे. ये फीचर्स Android, iOS और डेस्कटॉप पर धीरे-धीरे रोलआउट किए जा रहे हैं.
फोटो और वीडियो शेयर करना हुआ आसान
अब अगर यूजर अपने फोन में Google Maps को मीडिया एक्सेस देते हैं, तो 'Contribute' सेक्शन में उनकी हाल की तस्वीरें और वीडियो अपने आप दिखाई देंगे. इसका मतलब यह है कि अब आपको गैलरी में जाकर फोटो ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
ऐप खुद ही आपके हाल के पलों को दिखाएगा, जिन्हें आप सिर्फ कुछ टैप में शेयर कर सकते हैं. फिलहाल यह फीचर Android यूजर्स के लिए उपलब्ध है और आने वाले समय में iOS यूजर्स के लिए भी जारी किया जाएगा.
AI करेगा कैप्शन तैयार
Google ने अपने AI मॉडल Gemini की मदद से एक नया फीचर जोड़ा है, जिससे फोटो के लिए कैप्शन अपने आप बन जाएगा. जब भी आप कोई फोटो अपलोड करेंगे, Google Maps उस फोटो को समझकर एक ड्राफ्ट कैप्शन तैयार कर देगा.
हालांकि, यूजर्स के पास पूरा कंट्रोल रहेगा. वे इस कैप्शन को बदल सकते हैं, एडिट कर सकते हैं या चाहें तो हटा भी सकते हैं. इसका मकसद यह है कि यूजर्स को हर फोटो के साथ कैप्शन लिखने में ज्यादा मेहनत न करनी पड़े और उनका समय भी बचे.
ये भी पढ़ें - YouTube ने दिया नया कंट्रोल फीचर! नहीं बर्बाद होगा समय, अब Shorts को पूरी तरह करें बंद
कॉन्ट्रिब्यूटर्स के लिए नए टूल्स और बैज
तीसरा अपडेट उन यूजर्स के लिए है जो Google Maps पर नियमित रूप से योगदान देते हैं. अब ऐप में यूजर्स के योगदान (contributions) को और ज्यादा साफ तरीके से दिखाया जाएगा. यूजर्स को उनके कुल पॉइंट्स आसानी से दिखाई देंगे और उनके प्रोफाइल पर Local Guide लेवल को भी हाइलाइट किया जाएगा. इसके अलावा, Google ने बैज सिस्टम को भी अपडेट किया है, जिससे यह साफ पता चलेगा कि कौन यूजर फोटोग्राफर है या कौन रिव्यू लिखने में ज्यादा एक्टिव है.
कुल मिलाकर, ये अपडेट्स Google Maps को और ज्यादा स्मार्ट, यूजर-फ्रेंडली और इंटरैक्टिव बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम हैं.














