Google ने अपने वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube पर एक नया ऐड फॉर्मेट लॉन्च किया है. यह नया फॉर्मेट खास तौर पर टीवी पर YouTube देखने वाले यूजर्स के लिए तैयार किया गया है. इस अपडेट के तहत अब दर्शकों को 30 सेकंड का ऐसा विज्ञापन दिखाई देगा जिसे स्किप नहीं किया जा सकेगा. इस नए विज्ञापन फॉर्मेट को VRC Non-skip Ads कहा जा रहा है. कंपनी ने इसे 2 मार्च से रोलआउट करना शुरू किया है.
Google का कहना है कि यह नया एड फॉर्मेट खास तौर पर घर के सबसे बड़े स्क्रीन यानी टीवी के लिए डिजाइन किया गया है. पिछले कुछ सालों में टीवी पर YouTube देखने वाले यूजर्स की संख्या तेजी से बढ़ी है. इसी वजह से कंपनी ने ऐसा विज्ञापन सिस्टम तैयार किया है जो टीवी के अनुभव के हिसाब से बेहतर तरीके से काम कर सके.
कंपनी के अनुसार, पहले कई बार ऐसा होता था कि यूजर कुछ सेकंड बाद विज्ञापन को स्किप कर देते थे, जिससे पूरा संदेश नहीं पहुंच पाता था. लेकिन अब टीवी पर दिखने वाले इन 30 सेकंड के विज्ञापनों को पूरा देखना जरूरी होगा.
Google का कहना है कि इस नए सिस्टम में AI का भी इस्तेमाल किया जा रहा है. कंपनी के AI सिस्टम अलग-अलग डिवाइस और देखने की स्थिति के हिसाब से विज्ञापन का फॉर्मेट अपने आप बदल सकते हैं.
जैसे अगर कोई यूजर कनेक्टेड टीवी पर YouTube देख रहा है, तो उसे पूरा 30 सेकंड का नॉन-स्किपेबल विज्ञापन दिखाई दे सकता है. वहीं, अगर कोई व्यक्ति मोबाइल फोन या लैपटॉप पर YouTube देख रहा है, तो सिस्टम अपने आप विज्ञापन का फॉर्मेट बदल सकता है.
ऐसे मामलों में यूजर को 6 सेकंड के बंपर एड या 15 सेकंड के छोटे विज्ञापन दिखाई दे सकते हैं. इस तरह AI अपने आप यह तय करेगा कि किस डिवाइस पर कौन-सा विज्ञापन सबसे बेहतर तरीके से दिखाया जाए.














