अगर आपके iPhone या किसी भी Apple डिवाइस पर सॉफ्टवेयर अपडेट का नोटिफिकेशन आ रहा है, तो इस बार इसे बिल्कुल नजरअंदाज मत कीजिए. भारत की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In (Indian Computer Emergency Response Team) ने Apple यूजर्स के लिए हाई-सीवियरिटी चेतावनी जारी की है. इस चेतावनी में बताया गया है कि iPhone, iPad, Mac और अन्य Apple डिवाइस में कई बड़ी खामियां पाई गई हैं, जो आपके डेटा और डिवाइस की सुरक्षा को खतरे में डाल सकती हैं.
26 मार्च 2026 को जारी इस एडवाइजरी के अनुसार, ये खामियां इतनी गंभीर हैं कि हैकर्स आपके डिवाइस में बिना अनुमति के घुस सकते हैं, आपका पर्सनल डेटा चुरा सकते हैं और यहां तक कि आपके डिवाइस को पूरी तरह कंट्रोल भी कर सकते हैं. इसलिए सभी यूजर्स को तुरंत लेटेस्ट अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है ताकि इन खतरों से बचा जा सके.
कैसे काम करता है ये साइबर अटैक?
CERT-In के अनुसार, ये खामियां Apple के कई ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स में मौजूद हैं, जिससे बड़ी संख्या में डिवाइस प्रभावित हो सकते हैं. अगर आपका डिवाइस अपडेट नहीं है, तो हैकर्स इन कमजोरियों का फायदा उठाकर आपके फोन में खतरनाक कोड चला सकते हैं, सिक्योरिटी को बायपास कर सकते हैं और आपके डिवाइस पर पूरा कंट्रोल पा सकते हैं.
सीधे शब्दों में समझें तो कोई भी साइबर अटैकर दूर बैठे आपके iPhone या Mac को एक्सेस कर सकता है. इससे आपके फोटो, वीडियो, बैंकिंग डिटेल्स और अन्य जरूरी जानकारी चोरी हो सकती है. इतना ही नहीं, आपके डिवाइस में वायरस या मालवेयर भी डाला जा सकता है, जिससे फोन क्रैश होना या सही से काम न करना जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं.
किन-किन Apple डिवाइस पर है असर?
इसमें iOS और iPadOS के पुराने वर्जन (26.4 और 18.7.7 से पहले), macOS Tahoe (26.4 से पहले), macOS Sequoia (15.7.5 से पहले) और macOS Sonoma (14.8.5 से पहले) शामिल हैं.
इसके अलावा Safari ब्राउजर, watchOS, tvOS और visionOS के पुराने वर्जन भी इस खतरे की चपेट में हैं. यहां तक कि Apple का डेवलपर टूल Xcode भी इससे प्रभावित है. इसका मतलब है कि अगर आपका iPhone, iPad, Mac या Apple Watch अपडेटेड नहीं है, तो आप जोखिम में हैं.
ये भी पढ़ें - iPhone यूजर्स के लिए खुशखबरी! अब बिना इंटरनेट गाना पहचानें, iOS 26.4 अपडेट ने बदल दिया पूरा एक्सपीरियंस
अपने डिवाइस को सुरक्षित रखने के आसान तरीके
इस खतरे से बचने का सबसे आसान और असरदार तरीका है अपने Apple डिवाइस को तुरंत अपडेट करना. Apple ने इन खामियों को ठीक करने के लिए नए अपडेट जारी कर दिए हैं, जिन्हें इंस्टॉल करना बेहद जरूरी है.
iPhone या iPad में अपडेट करने के लिए Settings में जाएं, फिर General पर क्लिक करें और Software Update में जाकर लेटेस्ट वर्जन इंस्टॉल करें. Mac यूजर्स System Settings में जाकर General और फिर Software Update में अपडेट कर सकते हैं. Apple Watch के लिए iPhone में Watch ऐप खोलकर अपडेट चेक किया जा सकता है.
इसके अलावा, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें, संदिग्ध फाइल डाउनलोड न करें और सिर्फ भरोसेमंद ऐप्स ही इंस्टॉल करें. साथ ही, अपने जरूरी डेटा का बैकअप लेते रहना भी जरूरी है ताकि किसी भी साइबर अटैक की स्थिति में आपका डेटा सुरक्षित रहे.














