Apple इस साल अपने सबसे बिजी लॉन्च प्लान में से एक की तैयारी करता दिख रहा है. लीक रिपोर्ट्स के अनुसार कंपनी करीब 10 से 12 नए डिवाइस लॉन्च कर सकती है. कंपनी अपने लगभग हर कैटेगरी iPhone, iPad, Mac और wearables में बड़े अपडेट लाने वाली है. इतना ही नहीं, इस बार कुछ बिल्कुल नए प्रोडक्ट्स भी देखने को मिल सकते हैं, जो Apple को और मजबूत बनाएंगे.
iPhone 18 Pro सीरीज
इस पूरे लॉन्च प्लान का सबसे बड़ा आकर्षण iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max हो सकते हैं. माना जा रहा है कि ये दोनों फोन अगले 4 महीनों में लॉन्च हो सकते हैं. इस बार Apple डिजाइन में बड़ा बदलाव कर सकता है. रिपोर्ट्स के अनुसार Face ID को स्क्रीन के नीचे दिया जा सकता है, जिससे फोन का फ्रंट और ज्यादा साफ और फुल-स्क्रीन जैसा दिखेगा.
Pro मॉडल्स में variable aperture टेक्नोलॉजी आ सकती है, जिससे फोटो लेते समय रोशनी और डेप्थ को बेहतर तरीके से कंट्रोल किया जा सकेगा. इसके अलावा लो-लाइट फोटोग्राफी को बेहतर बनाने के लिए नया सेंसर भी दिया जा सकता है. इन डिवाइसेज में नया A20 Pro चिपसेट मिलने की उम्मीद है, जो परफॉर्मेंस और AI फीचर्स को और बेहतर बनाएगा. Pro Max मॉडल में बड़ी बैटरी भी मिल सकती है.
Foldable iPhone भी आ सकता है!
Apple इस साल एक बड़ा एक्सपेरिमेंट भी कर सकता है iPhone Fold. यह कंपनी का पहला फोल्डेबल फोन हो सकता है, जिसमें बड़ी इनर स्क्रीन और एक बाहरी स्क्रीन मिलेगी. इसका फोकस मल्टीटास्किंग पर होगा, जिससे यूजर एक साथ कई काम आसानी से कर सकेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फोन सीमित संख्या में लॉन्च हो सकता है और इसकी कीमत भी काफी प्रीमियम होगी.
Tim Cook ने CEO पद छोड़ने के 3 बड़े कारण बताए, जानिए अब Apple में क्या करेंगे टिम
iPad में भी बड़े अपडेट
iPad सीरीज में भी इस साल कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं. एक नया बेस iPad बेहतर चिपसेट के साथ आ सकता है, जो Apple Intelligence फीचर्स को सपोर्ट करेगा. वहीं, iPad mini में OLED डिस्प्ले, बेहतर मजबूती और नया प्रोसेसर मिल सकता है. इससे यह छोटा टैबलेट पहले से ज्यादा पावरफुल और आकर्षक बन जाएगा. दूसरी तरफ iPad Air को हाल ही में M4 चिप के साथ अपडेट किया जा चुका है, इसलिए इस सेगमेंट में फिलहाल ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है.
Mac अब नए चिप्स के साथ
Apple के MacBook Pro, iMac और Mac mini जैसे डिवाइस भी नए M5 चिपसेट के साथ आ सकते हैं. इन अपग्रेड्स में डिजाइन में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन परफॉर्मेंस और बैटरी एफिशिएंसी बेहतर होगी. इसके अलावा एक नया MacBook Pro OLED डिस्प्ले के साथ भी आ सकता है, हालांकि यह बाद में लॉन्च हो सकता है.
Wearables में भी नया
Apple Watch Series 12 और Apple Watch Ultra के नए वर्जन भी इस साल लॉन्च हो सकते हैं. इनमें बड़े डिजाइन बदलाव की संभावना कम है, लेकिन नए चिपसेट और बेहतर सॉफ्टवेयर सपोर्ट मिल सकता है. कुछ रिपोर्ट्स यह भी कहती हैं कि Apple Touch ID जैसे फीचर्स पर काम कर रहा है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि यह कब आएगा.














