Bharti Airtel अभी देश की दूसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी है. Airtel ने भारतीय टेलीकॉम बाजार में अपने ग्राहकों को लुभाने के लिए एक शानदार ऑफर पेश किया है. कंपनी 'Buy 1 Get 1 Free' ऑफर दे रही है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर कई यूजर्स ने इस प्रमोशनल ऑफर के बारे में पोस्ट किया है.
इस ऑफर के तहत, एलिजिबिल ग्राहकों को बिना कोई एक्स्ट्रा चार्ज दिए उसी कीमत का एक और रिचार्ज फ्री मिल जाएगा. यूजर्स की रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये फायदा Airtel Thanks ऐप के जरिए कंपनी के 349 रुपये और 399 रुपये वाले प्रीपेड प्लान्स पर दिया जा रहा है. Airtel Thanks ऐप पर इस नए प्रमोशन को '1+1 Recharge Free' टैग के साथ लिस्ट किया गया है. इसका सीधा मतलब ये है कि जो ग्राहक अपने नंबर पर 349 या 399 रुपये का प्रीपेड रिचार्ज करेंगे, उन्हें बिना किसी अतिरिक्त खर्च के उसी कीमत का एक और रिचार्ज मुफ्त में मिल जाएगा.
56 दिन की मिलेगी वैलिडिटी
हालांकि, Airtel ने अभी तक इस बात की पूरी जानकारी शेयर नहीं की है कि ये एक्स्ट्रा फ्री रिचार्ज ग्राहक के अकाउंट में किस तरह और कब क्रेडिट किया जाएगा. आपको ये ध्यान रखना बेहद जरूरी है कि टेलीकॉम कंपनी ये खास फायदा केवल एलिजिबिल सब्सक्राइबर्स को ही ऑफर कर रही है. इन दोनों ही प्रीपेड प्लान्स में सामान्य तौर पर 28 दिनों की वैलिडिटी मिलती है. लेकिन इस फ्री रिचार्ज ऑफर के जुड़ जाने के बाद, एलिजिबिल ग्राहकों को सिंगल रिचार्ज की कीमत में ही पूरे 56 दिनों की लंबी सर्विस का आनंद उठाने का मौका मिलेगा. Airtel के प्रीपेड ग्राहक अपनी एलिजिबिलिटी की जांच करने के लिए अपने फोन में Airtel Thanks ऐप खोलकर इन दोनों प्लान्स पर '1+1 Recharge Free' का टैग चेक कर सकते हैं. अगर आपके ऐप में ये प्रमोशनल लेबल दिखाई नहीं दे रहा है, तो इसका मतलब है कि ये ऑफर फिलहाल आपके नंबर पर उपलब्ध नहीं है.
दोनों प्लान्स में मिलने वाले फीचर्स
सुविधाओं की बात करें तो दोनों ही रिचार्ज प्लान्स में ग्राहकों को देश भर में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड लोकल और STD कॉलिंग के साथ रोजाना 100 SMS की सुविधा मिलती है.
- 349 रुपये का प्रीपेड रिचार्ज प्लान: इस प्लान में ग्राहकों को रोजाना 2GB हाई-स्पीड इंटरनेट डेटा और अनलिमिटेड 5G डेटा का सपोर्ट मिलता है. इसके साथ ही, इसमें पूरे 12 महीनों के लिए Adobe Express Premium का सब्सक्रिप्शन मिलता है. इसके अलावा फ्री हैलो ट्यून्स और Airtel Safe जैसी बेहतरीन सुविधाएं मिलती हैं.
- 399 रुपये का प्रीपेड रिचार्ज प्लान: ये प्लान उन लोगों के लिए बेस्ट है जो ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करते हैं, क्योंकि इसमें बिना किसी डेली लिमिट के पूरी तरह से अनलिमिटेड 4G और 5G डेटा दिया जाता है. अतिरिक्त फायदों के तौर पर इसमें भी ग्राहकों को ऊपर के प्लान के सभी फायदे मिलते हैं.
यह भी पढ़ें | पत्रकार के तौर पर शुरुआत, फिर कमाल की जासूस, कौन हैं Nvidia के CEO को फंसाने वाली Alice Huang?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं