कभी सपना था देश के लिए खेलना, आज लखनऊ की सड़कों पर ई-रिक्शा चला रहीं, मालती की कहानी भावुक कर देगी

कभी-कभी वक्त की ऐसी मार पड़ती है कि देखते ही देखते आदमी का सपना दम तोड़ देता है. और कुछ ऐसा ही फिलहाल लखनऊ की सड़कों पर ई-रिक्शा चला रहीं मालती के साथ हुआ, जिनकी ई-रिक्शा पर उनकी तस्वीरें और उपलब्धियां भी साथ-साथ चलती हैं

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मालती
(Source: X)

भीड़ का शोर बहुत पहले थम चुका है, और उसकी जगह लखनऊ की भीड़भाड़ भरी सड़कों से गुजरते एक ई-रिक्शा की धीमी गड़गड़ाहट ने ले ली है. लेकिन बात आपको परेशान कर देगी कि जो हाथ कभी राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल करने के लिए हॉकी थामते थे, वह अब ई-रिक्शा का हैंडल पकड़े हुए हैं. ये 42 साल की मालती हैं, जो देश के लिए खेली भीं लेकिन यह समयावधि बहुत ही छोटी रही. राष्ट्रीय स्तर की पूर्व हॉकी खिलाड़ी  मालती के खेल के सपने गरीबी और निजी कठिनाइयों के कारण कब पटरी से उतर गए, पता ही नहीं चला. और आज हालत यह है कि अब मालती का परिवार का भरण-पोषण करने के लिए उनके पास ई-रिक्शा चलाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा. लेकिन मालती का दर्द सिर्फ ई-रिक्शा तक ही खत्म नहीं होता. नियति की मार ऐसी रही कि उनके बेटे को भी आजीविका कमाने के लिए खेल छोड़ना पड़ा और एक चाय की दुकान पर काम करना पड़ा.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार मालती कहती हैं, 'हॉकी मेरे लिए कभी सिर्फ एक खेल नहीं रही, बल्कि यह मेरी पहचान, महत्वाकांक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद थी. लखनऊ के चंद्रभान गुप्ता मैदान के सामने पली-बढ़ी मालती  को वहां केडी सिंह बाबू सोसायटी द्वारा आयोजित हॉकी मैचों ने आकर्षित किया.  मालती बताती हैं, 'मेरी ज़िंदगी तब बदल गई जब कोच गुर्तोष पांडे ने मुझे किनारे से देखते हुए देखा और स्टिक उठाने के लिए कहा. इसके बाद मैंने खेल सीखने के लिए बाबू हॉकी सोसाइटी जॉइन की.'

केडी सिंह बाबू वीमेंस हॉस्टल में हुआ  चयन

मालती को उनकी मेहनत का फल मिला, जब उनका टैलेंट भी सामने निकल कर आया. सप्रू मार्ग स्थित भारतीय बालिका इंटर कॉलेज में पढ़ाई करते हुए उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपने स्कूलों का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने एथलेटिक्स में भी उम्दा प्रदर्शन किया. और 100 मीटर, 800 मीटर और रिले स्पर्धाओं में हिस्सा लिया. बाद में उन्हें प्रतिष्ठित केडी सिंह बाबू महिला हॉकी हॉस्टल में जगह मिली. और फिर यहीं से उनका खेल कई स्तर की छलांग भरते हुए अलग ही स्तर पर पहुंच गया. और 1996-2001 तक बतौर सेंटर फॉरवर्ड खेलते हुए मालती राष्ट्रीय स्तर पर खेलीं और उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश तथा देश भर के अन्य राज्यों के टूर्नामेंटों में हिस्सा लिया. उनके दिन कठिन प्रशिक्षण सत्रों टीम रणनीतियों और हॉकी में भविष्य बनाने के सपने के इर्द-गिर्द घूमते थे, लेकिन यह सुनहरा दौर ज्यादा समय तक नहीं चला.

अचानक पिता ने कर दी शादी

एक दिन आगरा में एक राष्ट्रीय टूर्नामेंट से लौटने के बाद उन्हें पता चला कि उनके पिता ने उनकी शादी तय कर दी है. हालांकि वह शादी के बाद मध्य प्रदेश में एक और राष्ट्रीय टूर्नामेंट खेलने में कामयाब रहीं, लेकिन  जीवन की चुनौतियां बढ़ने लगीं. मालती याद करते हुए कहती हैं, 'शादी के चार साल बाद मेरे पति ने मुझे छोड़ दिया.तब मेरा बेटा छोटा ही था.' इसके बाद परिवार का सहारा बनने के लिए दृढ़ संकल्पित मालती ने बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय में स्पोर्ट्स ऑफिसर के रूप में काम करना शुरू किया. हालांकि, बीमार बेटे की देखभाल के लिए बार-बार छुट्टियाँ लेनी पड़ने के कारण उन्हें वह नौकरी छोड़नी पड़ी. अगले कुछ वर्षों तक उन्होंने कॉल सेंटर, एक बुटीक में काम किया और स्कूलों में बच्चों को हॉकी का प्रशिक्षण दिया, लेकिन आर्थिक स्थिरता हाथ नहीं लगी.

Advertisement

संयोग ने बनाया ई-रिक्शा चालक

मालती कहती हैं, 'मेरे पिता के पास एक ई-रिक्शा था जिसे अक्सर किराये पर दिया जाता था. एक दिन एक पुलिसकर्मी ने इसे हटाने के लिए कहा. चूंकि आस-पास कोई ड्राइवर नहीं था, तो मैंने उसे स्टार्ट किया और चलाकर ले गई. तभी मैंने सोचा, क्यों न ई-रिक्शा चलाया जाए? इस तरह मैंने यह काम अपना लिया.' हालांकि हॉकी से अब उनके घर का खर्च नहीं चलता, लेकिन यह खेल कभी उनसे दूर नहीं हुआ. जब वह ई-रिक्शा चलाती हैं, तो खेलने के दिनों की यादें हमेशा तस्वीरों या किसी प्रतीक चिह्न के रूप में उनके साथ रहती हैं. मालती कहती हैं,  'यात्री अक्सर यह जानकर हैरान रह जाते हैं कि स्टीयरिंग संभालने वाली महिला ने कभी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में अपने राज्य और देश का प्रतिनिधित्व किया था.' 

बेटा चाय की दुकान पर काम करने को मजबूर

हालांकि, उन्हें सबसे ज़्यादा पीड़ा अपने बेटे के रूप में इतिहास को दोहराते देखने से होती है. उन्होंने बताया, 'वह मेरी कहानी से प्रेरित हुआ और उसने हॉकी अपनाई. उसने साल 2010 में अंडर-14 अखिल भारतीय केडी सिंह 'बाबू' हॉकी टूर्नामेंट में भाग लिया, लेकिन परिवार की आर्थिक तंगी इतनी कठिन साबित हुई कि वह अपने सपनों का पीछा नहीं कर सका. अब वह एक चाय की दुकान पर काम करता है.' जिन्होंने उन्हें एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी के रूप में उभरते देखा, उनके लिए यह कहानी इस बात की एक कड़वी याद दिलाती है कि कैसे होनहार खेल करियर आर्थिक तंगी के कारण समय से पहले समाप्त हो सकते हैं.

Advertisement

बाबू हॉकी सोसाइटी के सदस्य और कोच गुर्तोष पांडे कहते हैं, 'उनका घर बाबू सोसाइटी मैदान के बिल्कुल सामने था. इसलिए वह हर दिन वहां आती थीं और धीरे-धीरे एक कुशल हॉकी खिलाड़ी बन गईं. लेकिन आर्थिक कठिनाई ने उन्हें रोक दिया. उनका बेटा भी हॉकी खेलता था.'  सोसाइटी के एक अन्य सदस्य मुकुल लाल शाह कहते हैं,'वह एक प्रतिभाशाली लड़की थी. मैं एक बार उन्हें एनईआर टीम के साथ पंजाब में एक ओपन महिला टूर्नामेंट में ले गया था. लेकिन कम उम्र में शादी हो जाने और खराब आर्थिक हालात के कारण उनका करियर आगे नहीं बढ़ सका.' बहरहाल, मालती की कहानी को जो बात खास बनाती है, वह उनके द्वारा झेली गई कठिनाई नहीं , बल्कि अपने जुनून को मरने न देने का उनका इनकार है. उनके ई-रिक्शा के भीतर हॉकी आज भी जीवित है. तस्वीरें, यादें एक हॉकी स्टिक और उनके खेलने के दिनों की निशानियां पूरे शहर में उनके साथ सफर करती हैं. 

Featured Video Of The Day
पीड़ित परिवार से मिले CM योगी ओवैसी पर आजम का निशाना!

Topics mentioned in this article
Sports News
Hockey

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं