गोल्ड विजेता धुरंधरों का इतने से मन नहीं भरा! सुजीत-अमन ने कहा, 'प्रो रेसलिंग लीग का फायदा ओलंपिक में दिखेगा'

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और एशियाई खेल 2026 के स्वर्ण पदक विजेता अमन सहरावत ने कहा ओलंपिक और एशियाई खेलों में पदक जीतना वर्षों के त्याग, अनुशासन और मेहनत का परिणाम है.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
PWL के छठवें सीजन का आगाज से पहले धमाका

प्रो रेसलिंग लीग- PWL ने शुक्रवार को छठे सीजन के आयोजन की आधिकारिक घोषणा के साथ भारतीय खेल कैलेंडर में धमाकेदार वापसी की है. भारतीय कुश्ती महासंघ के बैनर तले होने वाली यह लीग 9 से 26 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्टेडियम स्थित केडी जाधव कुश्ती एरिना में आयोजित की जाएगी.

पदक विजेताओं का सम्मान

लीग के आगाज से पहले दिल्ली में आयोजित एक फंक्शन  में 2026 एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले भारतीय पहलवानों को सम्मानित किया गया. पुरुषों की फ्रीस्टाइल 65 किग्रा स्पर्धा में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने वाले सुजीत कलकल और पेरिस ओलंपिक 2024 में कांस्य पदक के बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले अमन सहरावत को ख़ास तौर पर सम्मानित किया गया. 

इनके अलावा अंतिम पंघाल, नितेश सिवाच, दीपक पूनिया और सुनील कुमार को भी PWL के समारोह में सम्मानित किया गया. 

जापान में गोल्ड LA पर निशाना

एशियाड में 2 गोल्ड समेत 6 पदक विजेताओं के इस  सम्मान समारोह मैं बार-बार LA 2028 ओलंपिक में पदकों की बात होती रही. 

दिल्ली को मिली मेजबानी

PWL के छठे सीजन की मेजबानी दिल्ली को देना लीग को हर साल अलग-अलग फ्रेंचाइजी शहर में आयोजित करने की योजना का हिस्सा है. दिल्ली और इसके आसपास में कुश्ती की एक मज़बूत परंपरा है. दिल्ली और आसपास के शेरों के अखाड़े में कुश्ती देखने के लिए फैंस की अच्छी खासी संख्या भी जुडट जाती है. ऐसे में राजधानी में लीग की वापसी से दर्शकों को वर्ल्ड क्लास कुश्ती के मुकाबले देखने की उम्मीद की जा रही हैं. 

Advertisement

6 टीमें, 86 टॉप खिलाड़ी, 34 ओलंपियन

छठे सीजन में छह फ्रेंचाइजी खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी.  इनमें टाइगर्स ऑफ मुंबई दंगल्स, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डोमिनेटर्स शामिल हैं.

इस बार लीग में पुरुष और महिला वर्ग के कुल 86 शीर्ष पहलवान हिस्सा लेंगे. इनमें 34 ओलंपियन तथा राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता शामिल होंगे. जापान की ओलंपिक चैंपियन युई सुसाकी के साथ भारत के कई प्रमुख पहलवान भी मैट पर अपना दमखम दिखाएंगे. 

Advertisement

प्रतियोगिता नौ ओलंपिक भार वर्गों में होगी. पुरुषों के मुकाबले 57, 65, 74, 86 और 125 किग्रा वर्ग में, जबकि महिलाओं के मुकाबले 53, 57, 62 और 76 किग्रा वर्ग में आयोजित किए जाएंगे.

टेलीविजन और डिजिटल दर्शकों के लिए मुकाबलों का प्रारूप पहले की तरह दो-दो नहीं, बल्कि तीन-तीन मिनट के दो राउंड यानी 2×3 मिनट का होगा. लीग में ‘पावर मिनट' का नियम भी जारी रहेगा. इसके तहत मुकाबले के अंतिम 60 सेकंड में हासिल किए गए अंक दोगुने माने जाएंगे. इससे मुकाबलों के आखिरी क्षणों में रोमांच और बढ़ने की उम्मीद है.

प्रो रेसलिंग लीग PWL के चेयरमैन दयान फारूकी ने कहा, 'कुश्ती भारतीय खेल संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है और हमारे पहलवानों ने लगातार अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाया है. प्रो रेसलिंग लीग का छठा सीजन इस समृद्ध विरासत का उत्सव होने के साथ-साथ खेल को नए वैश्विक मानकों तक ले जाने का प्रयास है. हमारा लक्ष्य हर सीजन लीग को अलग फ्रेंचाइजी शहर में आयोजित करना रहा है, ताकि देशभर के प्रशंसकों को विश्वस्तरीय कुश्ती देखने का अवसर मिले.  हमें खुशी है कि दुनिया के कई बेहतरीन पहलवान दिल्ली में जुटेंगे. हमें उम्मीद है कि यह सीजन दर्शकों के लिए यादगार साबित होगा और भारत में कुश्ती की लोकप्रियता को और बढ़ाएगा.'

प्रो रेसलिंग लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अखिल गुप्ता ने कहा, 'छठे सीजन के लिए हमारा उद्देश्य ऐसी उच्चस्तरीय लीग तैयार करना है, जिसमें प्रशंसकों की भागीदारी और उनके अनुभव को प्राथमिकता दी जाए. दिल्ली इसके लिए एक आदर्श स्थान है. यहां कुश्ती की समृद्ध विरासत है और इस शहर ने हमेशा इस खेल को अपनाया है. इसलिए छठे सीजन का दिल्ली में आयोजन हमारे लिए खास महत्व रखता है. आज का सम्मान समारोह उन खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जिनकी मेहनत भारतीय कुश्ती को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है. जनवरी में उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रशंसकों को यादगार मुकाबले देने का अवसर मिलेगा.'

Advertisement

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता और एशियाई खेल 2026 के स्वर्ण पदक विजेता अमन सहरावत ने कहा, 'ओलंपिक और एशियाई खेलों में पदक जीतना वर्षों के त्याग, अनुशासन और मेहनत का परिणाम है. दिल्ली में कुश्ती समुदाय और प्रशंसकों के बीच सम्मानित होना मेरे लिए बेहद खास है ऐसे अवसर उस सफर की याद दिलाते हैं, जिससे हम गुजरे हैं और उन लोगों की भी, जिन्होंने हर कदम पर हमारा साथ दिया. प्रो रेसलिंग लीग की दिल्ली में वापसी भी उत्साहजनक है. मुझे उम्मीद है कि इससे कुश्ती को नए दर्शक मिलेंगे और युवा पहलवान इस खेल से प्रेरित होंगे.'

एशियाई खेल 2026 के स्वर्ण पदक विजेता सुजीत कलकल ने कहा, 'प्रो रेसलिंग लीग ने मेरे कुश्ती करियर में अहम भूमिका निभाई है. इस लीग ने मुझे ऐसे अवसर दिए, जिनसे मैट पर और उसके बाहर भी मेरा विकास हुआ. दुनिया के बेहतरीन पहलवानों के साथ और उनके खिलाफ मुकाबला करने से मेरा आत्मविश्वास बढ़ा और बड़ी चुनौतियों का सामना करने का विश्वास मिला.एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के बाद सम्मानित होना मेरे लिए बेहद खास है. इससे मुझे अपने अब तक के सफर का एहसास होता है. पीडब्ल्यूएल मेरे सफर का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है और मुझे खुशी है कि यह दिल्ली में लौट रही है. उम्मीद है कि लीग युवा भारतीय पहलवानों को बड़े सपने देखने का मंच देती रहेगी.'

Advertisement

वर्ष 2015 में शुरुआत के बाद से प्रो रेसलिंग लीग ने भारतीय कुश्ती में रोमांचक मुकाबलों और खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच दिया है.  इसके पांच सीजन में कई यादगार प्रतिद्वंद्विताएं और शानदार प्रदर्शन देखने को मिले हैं. पांचवें सीजन के फाइनल में गत चैंपियन हरियाणा थंडर्स ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 5-4 से हराकर खिताब जीता था. अब छठे सीजन से लीग को एक नया मुकाम मिलने की उम्मीद है.

PWL के छठे सीजन के प्रसारण साझेदारों के साथ नीलामी की तारीख और इसके आयोजन स्थल की घोषणा आने वाले सप्ताहों में की जाएगी.

यह भी पढ़ें- मैरी कॉम की बढ़ी मुश्किलें! पूर्व पति पहुंचे कोर्ट, मानहानि का ठोका केस


Topics mentioned in this article
Sports News