Government Jobs Fraud: प्राइवेट सेक्टर में जॉब के लिए पूरे भारत के युवा बेंगलुरू पहुंचते है, लेकिन बेंगलुरू के युवा ग्रुप डी की सरकारी नौकरी के लिए लाखों रुपए गंवाने में गुरेज नहीं कर रहे हैं. सोमवार को ऐसे ही सैंकड़ों युवाओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिन्हें सरकारी नौकरी का सब्जबाग दिखाकर एक कपल ने करोड़ों रुपए ठग लिए. ठगी के शिकार हुए युवा कोर्ट में ग्रुड डी की नौकरी के नाम पर ठगे गए.
ये भी पढ़ें-Friend Killed Friend: दोस्त की हत्या के बाद, अपराध छुपाने के लिए हत्यारे ने कीचड़ में फेंकी उसकी लाश!
'डी-ग्रुप' की नौकरी का भरोसा दिलाकर वसूली मोटी रकम
पुलिस के अनुसार पुलिस द्वारा हिरासत में लिया गया जोड़ा हर पीड़ित से 10 लाख रुपए से लेकर 25 लाख रुपए तक कोर्ट में ग्रुप डी में सरकारी नौकरी दिलाने के बदले वसूलता था. शातिर जोड़ा अपनी धोखाधड़ी को असली दिखाने के लिए कथित तौर पर जजों के नकली दस्तखत किए और फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए थे. शातिर दस्तावेजों के सत्यापन के बहाने आलीशन होटलों में बुलाते थे और उन्हें नौकरी के फर्जी ऑफर लेटर दिखाए जाते थे.
बसवेश्वरननगर पुलिस ने जोड़े के खिलाफ केस दर्ज किया
रिपोर्ट के मुताबिक जब भी पीड़ित अपनी नौकरी के बारे में शातिर जोड़े से पूछताछ करते थे, तो जोड़ा बहाने बनाकर पहले टालमटोल करता था और बाद में पीड़ितों के फोन उठाना ही बंद कर देता था. जब पीड़ितों को एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है, तो कईयों ने CCB से संपर्क कर अपने साथ हुई ठगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद बसवेश्वरननगर पुलिस स्टेशन ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया.
शातिर जोड़े ने एजेंटों का तैयार कर रखा था एक पूरा नेटवर्क
उल्लेखनीय है आरोपियों ने अपनी धोखाधड़ी का जाल फैलाने के लिए एजेंटों का एक नेटवर्क भी तैयार कर रखा था. एजेंट पीड़ितों की पहचान करने और उन्हें झांसे में लेने में मदद करते थे और उनसे ठगी के पैसे वसूलते थे, उसमें से अपना कमीशन काट लेते थे, और बाकी बची रकम शातिर जोड़े के हवाले कर देते थे. मामले की जांच में जुटी CCB पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सके.













