Kanha Restaurant IT Raid Jaipur: इनकम टैक्स की रेड में दीवार के अंदर छिपे मिले करोड़ों के गहने, 10 बैंक लॉकर अभी और खुलने बाकी

Kanha Restaurant Secret Wall: कान्हा ग्रुप पर आयकर विभाग की रेड के तीसरे दिन जयपुर में एक 'खुफिया दीवार' के पीछे छिपा स्ट्रॉन्ग रूम मिला है, जिसमें करोड़ों की ज्वेलरी बरामद हुई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
IT Raid: कान्हा ग्रुप के ठिकाने पर मिली 'खुफिया दीवार', अंदर मिला गहनों से भरा स्ट्रॉन्ग रूम; आज खुलेंगे 10 बैंक लॉकर
NDTV Reporter

Jaipur News: राजस्थान के दिग्गज कान्हा ग्रुप (Kanha Group) पर आयकर विभाग की छापेमारी (Income Tax Raid) का आज (20 फरवरी को) तीसरा दिन है और हर बीतते घंटे के साथ चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं. विभाग की अन्वेषण शाखा ने जयपुर में ग्रुप के एक ठिकाने पर एक 'खुफिया दीवार' का पता लगाया है, जिसे देखकर आयकर अधिकारी भी दंग रह गए. इस दीवार के पीछे बेहद शातिराना तरीके से एक स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया था. जब टीम ने इसे खोला, तो अंदर कई करोड़ रुपये की बेशकीमती ज्वेलरी बरामद हुई है. फिलहाल, आयकर विभाग के विशेषज्ञ इस ज्वेलरी का मूल्यांकन (Valuation) करने में जुटे हैं. आशंका जताई जा रही है कि यह छापेमारी कल भी जारी रह सकती है.

करोड़ों का खजाना आया बाहर

आयकर टीम को शुरुआती दो दिनों में रेस्टोरेंट मालिक के घर और ऑफिस से भारी मात्रा में संदिग्ध दस्तावेज मिले थे, लेकिन तीसरे दिन मिली 'खुफिया दीवार' ने पूरी जांच की दिशा ही बदल दी है. इस गुप्त कमरे के अंदर छिपाई गई ज्वेलरी और सोने के गहनों की मात्रा इतनी अधिक है कि टीम को इसके मूल्यांकन के लिए अतिरिक्त समय लग रहा है. यह अब केवल टैक्स चोरी का मामला नहीं, बल्कि बेहिसाब संपत्ति को छिपाने के सुनियोजित तरीके का पर्दाफाश बन चुका है.

Photo Credit: NDTV Reporter

10 बैंक लॉकर भी मिले, खोलने का प्रोसेस जारी

आज की कार्रवाई का सबसे अहम पड़ाव बैंक पहुंचने वाला है. टीम को ग्रुप से संबंधित अलग-अलग बैंकों में 10 से अधिक लॉकर मिले हैं. सुबह 10 बजे से इन लॉकरों को खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. आयकर विभाग के सूत्रों का मानना है कि इन लॉकरों के भीतर करोड़ों की बेनामी प्रॉपर्टी के दस्तावेज और भारी मात्रा में सोना छिपा हो सकता है. अब तक की जांच के आधार पर यह अनुमान लगाया जा रहा है कि यह टैक्स चोरी का आंकड़ा 100 करोड़ रुपये के पार जा सकता है.

6 शहरों से लेकर मुंबई तक जाल, 5-स्टार होटलों में निवेश

गौरतलब है कि यह रेड बुधवार सुबह 7 बजे राजस्थान के 6 शहरों और मुंबई के कुल 33 ठिकानों पर एक साथ शुरू हुई थी. जांच में सामने आया है कि रेस्टोरेंट के जरिए होने वाली कमाई को आलीशान 5-स्टार होटलों (ताज आमेर और कुंदन वन कूकस) में निवेश किया गया था. खास बात यह है कि इस रेड के दौरान रेस्टोरेंट में ग्राहकों के लिए काउंटर चालू है और वे बिना किसी परेशानी के खाने-पीने का सामान खरीद पा रहे हैं.

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran Israel War: America के Oil Tanker पर ईरान का बड़ा हमला! समुद्र के बीच जलता दिखा जहाज | NDTV