हरियाणा में हेल्थ सिस्टम की स्थिति है खराब... AAP नेता अनुराग ढांडा

अनुराग ढांडा ने कहा कि सरकारी आंकड़े खुद साबित करते हैं कि हरियाणा की स्वास्थ्य व्यवस्था कैसे भगवान भरोसे चल रही है. स्वास्थ्य विभाग में हजारों पद खाली पड़े हैं, नर्सों और डॉक्टरों की भारी कमी है, जिसके कारण अस्पतालों में एक नर्स पर कई-कई मरीजों का बोझ है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने फरीदाबाद से सामने आई एक घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि हरियाणा में मौजूदा स्वास्थ्य व्यवस्था खराब स्थिति में है. उन्होंने महिला के शव को एक ठेला गाड़ी से लेकर जाने पर अपना रोष भी प्रकट किया है. उन्होंने हरियाणा सरकार पर भी हमला बोला है. अनुराग ढांडा ने कहा कि फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान एक गरीब मजदूर की पत्नी की मौत हो गई, लेकिन सरकारी एंबुलेंस न मिलने पर परिवार को महिला का शव सब्जी बेचने वाले ठेले पर लेकर जाना पड़ा. 

उन्होंने कहा कि जिस राज्य में सरकार बड़े-बड़े दावे और विज्ञापन करती है, वहां गरीब आदमी को अपनी पत्नी का शव ठेले पर ले जाना पड़े, इससे बड़ी शर्म की बात और क्या हो सकती है. वहीं, दूसरी तरफ सिविल अस्पताल के डॉक्टरों का यह कहना कि डेडबॉडी ले जाने की कोई व्यवस्था नहीं है. इलाज में परिवार के सारे पैसे खर्च हो चुके थे, प्राइवेट एंबुलेंस ने 700 रुपये मांगे, जो देने की स्थिति में परिजन नहीं थे. यह भाजपा शासन में गरीब की मजबूरी और बेबसी की कहानी है.

उन्होंने कहा कि मौत के बाद भी इस परिवार को चैन नहीं मिला. श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के लिए 5,500 रुपये मांगे गए, जिसके लिए परिजनों को फिर से लोगों से चंदा इकट्ठा करना पड़ा. सवाल यह है कि क्या हरियाणा में गरीब की जिंदगी के साथ-साथ उसकी मौत भी सरकार के लिए बोझ है? क्या मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ऐसे परिवारों की पीड़ा दिखाई नहीं देती, या फिर सत्ता की कुर्सी में बैठकर संवेदनाएं खत्म हो चुकी हैं?

अनुराग ढांडा ने कहा कि सरकारी आंकड़े खुद साबित करते हैं कि हरियाणा की स्वास्थ्य व्यवस्था कैसे भगवान भरोसे चल रही है. स्वास्थ्य विभाग में हजारों पद खाली पड़े हैं, नर्सों और डॉक्टरों की भारी कमी है, जिसके कारण अस्पतालों में एक नर्स पर कई-कई मरीजों का बोझ है. बेड की इतनी कमी है कि मरीजों को बेड शेयर करने पड़ रहे हैं. एंबुलेंस की हालत भी जर्जर है, कई जिलों में पुरानी और खराब एंबुलेंस खड़ी हैं या चलने लायक नहीं हैं. 2.8 करोड़ की आबादी वाले राज्य में स्वास्थ्य सुविधाएं नाम मात्र की रह गई हैं.

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार कागजों में अस्पताल और मेडिकल कॉलेज बनाकर वाहवाही लूट रही है, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि गरीब आदमी को इलाज भी नहीं मिल रहा और मौत के बाद सम्मान भी नहीं. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को प्रदेश की जनता की कोई फिक्र नहीं है, तभी ऐसी घटनाएं बार-बार सामने आ रही हैं और सरकार केवल चुप्पी साधे बैठी है.

Advertisement

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की साफ मांग है कि भाजपा सरकार तुरंत सभी खाली पदों पर भर्ती करे, अस्पतालों में बेड की संख्या बढ़ाए, एंबुलेंस व्यवस्था को दुरुस्त करे और यह सुनिश्चित करे कि किसी भी गरीब परिवार को दोबारा ऐसी अमानवीय स्थिति का सामना न करना पड़े. दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार ने यह दिखाया है कि ईमानदार नीयत से मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सकती हैं. हरियाणा की जनता भी यही चाहती है, न कि खोखले वादे और बेरहम शासन. अगर भाजपा सरकार नहीं सुधरी, तो हरियाणा की जनता समय आने पर इसका जवाब जरूर देगी.

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Iran Israel War: ईरान ने अमेरिका का पायलट पकड़ा? | Iran Attack On US | Trump
Topics mentioned in this article