मोहाली में प्रॉपर्टी डीलर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, बिजनेस पार्टनर पर धोखे का आरोप

कंबाली के पास रेलवे लाइन पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां फेज-7 निवासी एक नामी प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी जान दे दी. मृतक की पहचान शविंदर धीमान के रूप में हुई है, जिनका सेक्टर-82 में 'प्रॉपर्टी नेटवर्क' के नाम से दफ्तर था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
मोहाली (पंजाब):

कंबाली के पास रेलवे लाइन पर एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां फेज-7 निवासी एक नामी प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी जान दे दी. मृतक की पहचान शविंदर धीमान के रूप में हुई है, जिनका सेक्टर-82 में 'प्रॉपर्टी नेटवर्क' के नाम से दफ्तर था. जीआरपी (GRP) के एएसआई सतपाल सिंह के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब मुंबई पश्चिमी एक्सप्रेस कंबाली के पास से गुजर रही थी. चश्मदीद ड्राइवर के बयान के मुताबिक, शविंदर को ट्रैक की ओर आते देख ड्राइवर ने लगातार हॉर्न बजाकर उन्हें सचेत करने की कोशिश की थी. लेकिन, ड्राइवर के प्रयासों के बावजूद शविंदर जानबूझकर ट्रेन के ठीक सामने कूद गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई. 

घर से बिना मोबाइल और गाड़ी लिए निकले थे

परिजनों ने बताया कि शविंदर शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे. हैरानी की बात यह है कि वह अपना मोबाइल और गाड़ी दोनों ही घर पर छोड़ गए थे. जब वह दोपहर तक वापस नहीं लौटे, तो परिवार ने उनकी तलाश शुरू की और पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी. देर शाम जीआरपी द्वारा ट्रैक पर शव मिलने की सूचना के बाद परिवार को इस दुखद घटना का पता चला.

बिजनेस पार्टनर पर धोखाधड़ी का गंभीर आरोप

शविंदर धीमान की मौत के पीछे व्यावसायिक तनाव को मुख्य कारण माना जा रहा है. परिवार का आरोप है कि शविंदर अपने बिजनेस पार्टनर से काफी परेशान चल रहे थे. पार्टनर ने कथित तौर पर कुछ प्रॉपर्टी धोखे से अपनी पत्नी के नाम ट्रांसफर करवा ली थी. लेनदेन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिसके कारण शविंदर मानसिक रूप से परेशान थे. पुलिस जांच अधिकारी के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के पिता थे शविंदर

शविंदर धीमान अपने पीछे दो बच्चे छोड़ गए हैं. समाज में उनकी एक प्रतिष्ठित पहचान थी और उनके दोनों बच्चे आइस हॉकी के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं. इस घटना के बाद पूरे फेज-7 इलाके और प्रॉपर्टी जगत में शोक की लहर है.
 

हेल्पलाइन
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्‍थ 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
TISS iCall 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्‍ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
(अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्‍स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं)

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान-इजरायल युद्ध पर भारत सरकार का बड़ा बयान | Breaking News | Iran War News