भगवंत मान सरकार ने निकाला पराली समस्या का समाधान, राज्य में लगाए जाएंगे 10 बायोगैस प्लांट

एचपीसीएल और एचपीसीएल मित्तल एनर्जी लिमिटेड (HMEL) रिफाइनरी के विस्तार के साथ साथ पंजाब में बायोफ्यूल और बायोगैस प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं. इस निवेश से जहां पंजाब के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, वहीं पराली और कृषि अवशेषों के वैज्ञानिक प्रबंधन से किसानों की आय बढ़ेगी और पर्यावरण को भी लाभ होगा.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
पंजाब में औद्योगिक विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) का एक बड़ा निवेश राज्य में सुनिश्चित किया है.
NDTV

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब तेजी से उत्तर भारत के सबसे पसंदीदा निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है. राज्य सरकार की निवेशकों के अनुकूल नीतियों, मजबूत बुनियादी ढांचे और पारदर्शी शासन प्रणाली के कारण देश-विदेश की बड़ी कंपनियां पंजाब का रुख कर रही हैं. इसी कड़ी में चंडीगढ़ में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दिग्गज ऊर्जा कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) का एक बड़ा निवेश राज्य के लिए सुरक्षित किया है. एचपीसीएल रिफाइनरी, बायोफ्यूल और बायोगैस जैसे भविष्य के प्रमुख क्षेत्रों में निवेश करके पंजाब में अपना दायरा बढ़ाने जा रही है.

एचपीसीएल के चेयरमैन विकास कौशल और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने पंजाब के प्रशासनिक और नियामक सुधारों को साझा किया. उन्होंने बताया कि राज्य में 'फास्ट ट्रैक पंजाब' सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए 173 से अधिक सरकारी व्यापार (G2B) सेवाएं ऑनलाइन दी जा रही हैं. इसके अलावा, ऑटो डीम्ड मंजूरी और 'पंजाब राइट टू बिजनेस एक्ट' में किए गए संशोधनों ने कागजी बाधाओं को खत्म कर दिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का विजन बिल्कुल स्पष्ट है कि हम नीतियों में स्थिरता और फैसलों में तेजी ला कर निवेशकों के समय और भरोसे का सम्मान करते हैं.

 भ्रष्टाचार का खात्मा और पारदर्शी व्यापारिक माहौल

पुरानी सरकारों के कामकाज के तरीके पर बात करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि एक दौर वह भी था जब पंजाब में निवेश करने वाले कारोबारियों को अनावश्यक अड़चनों, लालफीताशाही और अवैध मांगों का सामना करना पड़ता था. लेकिन आज माहौल पूरी तरह बदल चुका है. वर्तमान सरकार सिर्फ पंजाब और पंजाबियों की भलाई के लिए काम कर रही है. उन्होंने निवेशकों को देश का सच्चा देशभक्त बताते हुए भरोसा दिया कि राज्य सरकार हर उस उद्योगपति के साथ चट्टान की तरह खड़ी है जो पंजाब की प्रगति में हाथ बंटाना चाहता है.

बठिंडा रिफाइनरी का विस्तार और नए बायोगैस प्लांट

इस बड़े निवेश के तहत एचपीसीएल मित्तल एनर्जी लिमिटेड (HMEL) बठिंडा में अत्याधुनिक 2जी (सेकंड जनरेशन) तकनीक पर काम करते हुए अपने ऑपरेशन्स का विस्तार कर रही है. इसके साथ ही कंपनी पंजाब भर में 10 नए बायोगैस प्लांट स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है, जिनमें से 5 प्लांट पहले ही सफलतापूर्वक चालू किए जा चुके हैं. ये प्रोजेक्ट्स न केवल पंजाब की औद्योगिक क्षमता को बढ़ाएंगे, बल्कि राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी एक नई मजबूती देंगे.

Advertisement

पराली की समस्या का समाधान और किसानों को सीधा मुनाफा

पंजाब के लिए यह निवेश पर्यावरण और कृषि के मोर्चे पर गेम चेंजर साबित होने वाला है. इन बायोगैस और बायोफ्यूल प्रोजेक्ट्स के जरिए खेतों में बचने वाले कृषि अवशेषों से मूल्यवान ऊर्जा उत्पाद तैयार किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल से राज्य में हर साल होने वाली पराली जलाने की समस्या का एक स्थायी और पर्यावरण अनुकूल समाधान मिलेगा. इससे प्रदूषण में कमी आएगी और किसान अपने कृषि अवशेषों को कंपनियों को बेचकर अतिरिक्त कमाई कर सकेंगे.

यह भी पढ़ें- अकाली राज में रैंक 22, कांग्रेस राज में रैंक 27, आम आदमी पार्टी सरकार में पंजाब बना नंबर-1

इन भारी भरकम प्रोजेक्ट्स का सबसे बड़ा लाभ पंजाब के युवाओं को मिलने जा रहा है. रिफाइनरी के विस्तार और ग्रामीण इलाकों में बायोगैस प्लांट्स के नेटवर्क से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विश्वास जताया कि यह निवेश पंजाब की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा और युवाओं को राज्य में ही तरक्की के बेहतरीन मौके देगा. इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान मुख्य सचिव केएपी सिन्हा और उद्योग सचिव गुरकीरत कृपाल सिंह समेत सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे.

Advertisement

यह भी पढ़ें-  पिछोर विधायक प्रीतम लोधी के फिर बिगड़े बोल: कुख्यात डकैत रामबाबू गडरिया को बताया भाई, फिर दी ये धौंस

Featured Video Of The Day
Ghaziabad Surya Murder Case: असद एनकाउंटर के बाद गरजे CM Yogi, 'दुर्जनों' को दे दी चेतावनी!