- महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में 18 साल के युवक ने पहाड़ी से कूदकर आत्महत्या कर ली
- युवक को बचाने के प्रयास में उसके पिता भी नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई
- बेटे और पति को गिरते देख मां ने भी पहाड़ी से कूदकर अपनी जान दे दी
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. एक लड़का आत्महत्या के मकसद से पहाड़ी से नीचे कूद गया. उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता भी नीचे गिर गए. बेटे और पति को नीचे गिरता देख सदमे से मां ने भी कूदकर जान दे दी. एक ही झटके में पूरा परिवार खत्म हो गया.आत्महत्या करने की कोशिश कर रहे बेटे को बचाने के चक्कर में माता-पिता की भी मौत हो गई.
लड़के ने पहाड़ से कूदकर की आत्महत्या
लड़के को करीब 3 घंटे तक परिवार और गांव वालों ने बहुत समझाया लेकिन उसने किसी की बात नहीं सुनी.आखिरकार इस संघर्ष का दुखद अंत हो गया. पहाड़ी से कूदकर आत्महत्या करने वाले लड़के की उम्र 18 साल थी. देखते ही देखते परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. सुसाइड का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें में एक के बाद एक तीन लोग पहाड़ी से कूदते दिखाई दे रहे हैं.
माता-पिता भी पहाड़ी से कूद गए
वहीं युवक की आत्महत्या से पहले का भी एक वीडियो सामने आया है. जिसमें कुछ लोग उसे समझते हुए नजर आ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने की काफी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वह मानने को तैयार ही नहीं. लड़के ने एक दम से पहाड़ी से छलांग लगा दी. युवक ने ये कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है.
मरने की जिद पर अड़ा था लड़का
पूरा परिवार देवलाई का रहने वाला था. वे सभी शुक्रवार सुबह 10 बजे पहाड़ी के किनारे आकर खड़े हो गए थे. वह परिवार को आत्महत्या की धमकी देने लगा. करीब 3 घंटे तक वहां मौजूद गांव वाले और लड़के की मां उसे समझाते रहे. उन्होंने लड़के से कहा कि वह पढ़ा-लिखा है, अपने भविष्य और माता-पिता के बारे में सोचे, लेकिन लड़का सिर्फ यही कह रहा था, "नहीं-नहीं, मुझे मरना ही है."
बेटे को गिरता देख पिता भी कूद गए
लड़के के पिता पहले नीचे से उससे दूर हटने की गुहार लगा रहे थे. लेकिन आखिरी 15-20 मिनट में वह भी पहाड़ के ऊपर आ गए. लोगों को लगा कि वे उसे समझाएंगे, लेकिन उन्होंने अचानक लड़के को पकड़ने की कोशिश की. इस कोशिश में संतुलन बिगड़ा और लड़का और पिता दोनों पहाड़ से नीचे गिर गए.
सदमे में मां ने भी कूदकर दी जान
अपने पति और बेटे को आंखों के सामने नीचे गिरता देख, लड़के की मां ने भी तुरंत उसी पेड़ के पास से पहाड़ से छलांग लगा दी. पहाड़ के नीचे खड़े लोग इस पूरी घटना को देखने के अलावा कुछ भी न कर सके. वे नीचे से लगातार आवाज लगा रहे थे लेकिन उनकी किसी ने एक न सुनी.