वर्ली मेट्रो स्टेशन से हटाया जवाहरलाल नेहरू का नाम, कांग्रेस ने बीजेपी को घेरा

मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष गायकवाड़ ने बीजेपी पर इतिहास मिटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा किया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • मुंबई के वर्ली मेट्रो स्टेशन से पंडित जवाहरलाल नेहरू का नाम हटाने को लेकर सियासी विवाद तेज हो गया है
  • कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने बीजेपी पर नेहरू के प्रति एलर्जी और जानबूझकर नाम हटाने का आरोप लगाया है
  • मेट्रो स्टेशन का नाम बदलने को बीजेपी की संकीर्ण मानसिकता से जोड़ते हुए इतिहास मिटाने का आरोप लगाया गया है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
मुंबई:

मुंबई के वर्ली मेट्रो स्टेशन से 'नेहरू' नाम हटाए जाने को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है. मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद वर्षा गायकवाड़ ने इस फैसले को लेकर बीजेपी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को पंडित जवाहरलाल नेहरू से "एलर्जी" है, इसलिए जानबूझकर मेट्रो स्टेशन के नाम से उनका नाम हटाया गया है. गायकवाड़ ने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर वर्ली मेट्रो स्टेशन का नाम दोबारा 'नेहरू विज्ञान केंद्र' नहीं रखा गया, तो कांग्रेस अपने तरीके से बीजेपी को सबक सिखाएगी.

स्टेशन के नाम से 'नेहरू' शब्द को हटाया

उन्होंने कहा, "वर्ली क्षेत्र जहां नेहरू विज्ञान केंद्र के नाम से जाना जाता है, वहीं मुंबई मेट्रो ने इस स्टेशन के नाम से नेहरू का नाम हटा दिया है. यह भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और विश्वविख्यात नेता भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू का घोर अपमान है." उन्होंने आगे कहा कि मुंबई मेट्रो 3 के आधिकारिक ट्वीट में 'डिस्कवरी हब' की सूची में इस स्थान को 'नेहरू विज्ञान केंद्र' के रूप में दर्शाया गया है, लेकिन स्टेशन के नाम से 'नेहरू' शब्द को हटाया गया है."यह बीजेपी की संकीर्ण, प्रतिशोधी और असहिष्णु मानसिकता को दर्शाता है." 

बीजेपी पर इतिहास मिटाने का लगाया आरोप

गायकवाड़ ने बीजेपी पर इतिहास मिटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा किया गया है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा, "दिल्ली स्थित नेहरू स्मारक संग्रहालय एवं पुस्तकालय का नाम बदलकर प्रधानमंत्री संग्रहालय कर दिया गया, नेहरू युवा केंद्र संघ (NYKS) का नाम बदलकर 'मेरा भारत' कर दिया गया और अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम का नाम बदलकर नरेंद्र मोदी स्टेडियम रख दिया गया." उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने भारत को आधुनिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण देने में अहम भूमिका निभाई थी.

इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी कांग्रेस

उनकी उपलब्धियां इतनी महान और अटूट हैं कि बीजेपी उनके प्रति चाहे जितनी भी दुर्भावना दिखाए या उनके चरित्र हनन की कोशिश करे, वे प्रयास आसमान में थूकने के समान होंगे. गायकवाड़ ने यह भी कहा कि भारत के महान नेताओं और राष्ट्र निर्माताओं के साथ हो रहे इस व्यवहार को पूरी दुनिया देख रही है. बीजेपी की यह विकृत मानसिकता न केवल इतिहास को मिटा रही है, बल्कि देश की प्रतिष्ठा और अंतर्राष्ट्रीय छवि को भी नुकसान पहुंचा रही है. कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और नेहरू के सम्मान की रक्षा के लिए हर मंच पर आवाज उठाएगी.

Featured Video Of The Day
Bihar Elections 2025: Rahul Gandhi ने पकड़ी मछली, क्यों मच गया सियासी बवाल? | Sawaal India Ka