Absconding Minor Caught: महाराष्ट्र के कल्याण में एक नाबालिग लड़के की लापरवाही के कारण एक व्यवसायी की जान चली गई. तेज रफ्तार कार भगा रहे नाबालिग ने मंगलवार रात रिंग रोड पर साइकिलिंग कर रहे व्यवसायी श्रीनिवास तांदले की साइकिल में पीछे से जोरदार टक्कर मारने के बाद फरार हो गया. जोरदार टक्कर में व्यवसायी को गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
ये भी पढ़ें-जिस पत्नी के कत्ल के जुर्म में पति को हुई थी कैद, वो उसके मौसेरे भाई के साथ मानेसर में जिंदा मिली
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में लिया
रिपोर्ट के मुताबिक हादसे के बाद आरोपी नाबालिग मौके से फरार हो गया था. सूचना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर खडकपाडा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पहले कार को जब्त कर लिया और फिर बुधवार सुबह करीब 9 बजे आरोपी नाबालिग को भी हिरासत में ले लिया. हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नाबालिग लड़के की मां कामिनी योगेश पांडे, के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है.
मॉर्निंग वॉक और साइकिलिंग करने वालों के लिए काल बना रिंग रोड
गौरतलब है कल्याण के चांदोरी इलाके से गुजरने वाला रिंग रोड अब मॉर्निंग वॉक और साइकिलिंग करने वालों के लिए काल बनता जा रहा है. स्थानीय नागरिकों और साइकिलिंग ग्रुप की सदस्य डॉ. रहेनुमा आयते शामुद्दीन का आरोप है कि इस रोड पर पहले सुरक्षा के लिए बैरिकेड्स लगाए गए थे, लेकिन कुछ समय पहले उन्हें हटा दिया गया, इससे यहां वाहनों की आवाजाही और रफ़्तार बढ़ गई है, जिससे स्टंटबाजों का हौसला बढ़ गया है.
साइकिलिंग ग्रुप और प्रतिष्ठित नागरिक आज शहर में करेगा आंदोलन
उल्लेखनीय है व्यवसायी श्रीनिवास तांदले की मौत के विरोध में और सड़कों पर सुरक्षा की मांग को लेकर गुरुवार को शहर के नामी साइकिलिंग ग्रुप और प्रतिष्ठित नागरिक बड़ा आंदोलन करने जा रहे हैं. लोगों का कहना है कि जब तक लापरवाह वाहन चालकों और प्रशासन की ढिलाई पर लगाम नहीं लगेगी, तब तक मासूमों और निर्दोषों की जान यूं ही जाती रहेगी.














