क्रिकेट मैदान में चला दिया ट्रैक्टर! मैच में नहीं बुलाने से नाराज था शख्स

जलगांव के धरनगांव में विधायक कप क्रिकेट फाइनल के दौरान बड़ा हंगामा हो गया, जब एक नाराज व्यक्ति ने ट्रैक्टर घुसाकर क्रिकेट मैदान को तहस‑नहस कर दिया. बताया जा रहा है कि वह मैच में आमंत्रित न किए जाने से नाराज था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Tractor Enters Cricket Ground: कभी‑कभी नाराजगी इंसान को इस हद तक ले जाती है कि वह सब कुछ तबाह करने पर उतर आता है. जलगांव जिले के धरनगांव में ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब चल रहे क्रिकेट मैच के बीच अचानक एक ट्रैक्टर मैदान में घुस आया. देखते ही देखते ट्रैक्टर से पूरे क्रिकेट ग्राउंड को रौंद दिया गया. यह घटना उस वक्त हुई, जब विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों में हड़कंप मच गया.

जलगांव से मंगेश जोशी की रिपोर्ट...

फाइनल मैच के दौरान मचा हंगामा

धरनगांव में आयोजित विधायक कप क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला पूरे रोमांच के साथ चल रहा था. खिलाड़ी मैदान में थे और दर्शक मैच का आनंद ले रहे थे. तभी अचानक एक व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर सीधे मैदान में घुस आया. ट्रैक्टर में लगे हल की मदद से उसने पिच और पूरे मैदान को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया.

मैदान हुआ पूरी तरह तबाह

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में मैदान की हालत बिगड़ गई. जहां क्रिकेट खेला जा रहा था, वहीं मिट्टी उखड़ गई और पिच पूरी तरह खराब हो गई. इस हरकत के कारण मैच को तुरंत रोकना पड़ा, और कुछ देर बाद फाइनल मुकाबला रद्द करने का फैसला लेना पड़ा.

नाराजगी की वजह से की गई तोड़फोड़ का शक

मामले को लेकर यह संदेह जताया जा रहा है कि यह घटना किसी राजनीतिक पदाधिकारी द्वारा अंजाम दी गई. बताया जा रहा है कि वह व्यक्ति क्रिकेट मैच में आमंत्रित नहीं किए जाने से नाराज था. इसी नाराजगी में उसने गुस्सा निकालते हुए यह कदम उठाया. हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

Advertisement

खेल प्रेमियों में भारी आक्रोश

इस घटना के बाद खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेल से जोड़ने की कोशिश होती है, लेकिन इस तरह की घटनाएं खेल भावना को ठेस पहुंचाती हैं. कई लोगों ने इसे शर्मनाक हरकत बताया.

जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं. स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों की मांग है कि दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह खेल आयोजनों को नुकसान पहुंचाने की हिम्मत न कर सके.

Advertisement
Featured Video Of The Day
PM Modi Nation Address: देश के नाम संबोधन में PM मोदी ने क्यों मांगी माफी? | Women Reservation Bill