Fertilizers Subsidy News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chaouhan) सोमवार को मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर (Gwalior) दौरे पर पहुंचे. इस दौरान चौहान ने कहा कि युद्ध से फर्टिलाइजर महंगा हुआ हमने सब्सिडी बढ़ा दी, जिससे खाद की कीमतों में इजाफा नहीं हुआ, जिसका सीधा फायदा अन्नदाताओं को मिल रहा है.
दरअसल, लगातार खाड़ी देशों के युद्ध से भारत के किसानों पर असर और सरकार की व्यवस्था को लेकर किए गए सवाल पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज ने कहा कि जब कहीं युद्ध होता तो पूरी दुनिया पर फर्क पड़ता है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में हम लोग संकल्पबद्ध हैं कि हम देश की जनता को इसका नुकसान न उठाने दें, जैसे इकतालीस हज़ार करोड़ रुपये फर्टिलाइजर पर सब्सिडी हमने बढ़ाई है, क्योंकि इस युद्ध की वजह से हर जगह फर्टिलाइजर महंगा हो गया है. इसके बाद भी यहां कीमतें नहीं बढ़ाई गई.
इस रेट पर मिलेगी यूरिया और डीएपी
शिवराज सिंह ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही कैबिनेट की बैठक में हमने तय किया कि किसान को 266 रुपये में ही यूरिया की बोरी देंगे और तेरह सौ पचास रुपये में ही DAP की बोरी देंगे. शिवराज ने बताया कि उसकी बढ़ी हुई कीमत सरकार अपने ऊपर वहन करेगी. इसलिए 41 हज़ार करोड़ रुपये का अभी हमने बजट में प्रावधान किया है. उन्होंने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि जहां से भी फर्टिलाइजर मिल सकेगा, हम लाएंगे.
"किसानों पर नहीं पड़ने देंगे असर"
शिवराज ने आगे कहा कि मैं यह नहीं कहूंगा कि कोई परेशानी है ही नहीं है, जाहिर है कि संकट तो है, लेकिन संकट से निपटने के लिए हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में दिन और रात कोशिश कर रहे हैं कि जनता और किसानों पर इसका असर ना पड़े.
यह भी पढ़ें- भीषण गर्मी का असर: सतना में पारा 43 के पार, प्राइमरी स्कूलों में 30 अप्रैल तक अवकाश
ये बातें चौहान ने ग्वालियर दौरे के दौरान कही. दरअसल, वे अपने अल्प प्रवास पर सोमवार को ग्वालियर पहुंचे थे. इस मौके पर उन्होंने जहां अक्षय तृतीया के मौके पर किरार समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में शिरकत कर नव दंपतियों को बधाई और आशीर्वाद दिया, वहीं कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा के दौरान नारी वंदना विधायक पर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना भी साधा.
यह भी पढ़ें- ओवैसी की पार्टी के जिलाध्यक्ष के लिए लाखों की फंडिंग! वायरल ऑडियो से बुरहानपुर की राजनीति में मचा भुचाल














