VIDEO: पुजारी ने महिला पर आरती से किया हमला, उज्जैन के रामघाट पर मच गया हंगामा

उज्जैन के रामघाट पर शिप्रा आरती के दौरान महिला और पुजारी के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. आरोप है कि पुजारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला, उसकी मां और एक बालिका पर पीतल की आरती से हमला किया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

उज्जैन के प्रसिद्ध रामघाट पर शिप्रा आरती के दौरान हुआ एक विवाद अब चर्चा का विषय बन गया है. फूल और दीपक बेचने वाली एक महिला तथा आरती करने वाले पुजारी के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. आरोप है कि पुजारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला, उसकी बेटी और एक अन्य बालिका पर पीतल की आरती से हमला कर दिया. घटना में तीन लोगों के घायल होने की बात सामने आई है.

फूल-दीपक बेचने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, तिलकेश्वर कॉलोनी निवासी उमा यादव अपनी मां ममता परमार के साथ रामघाट पर फूल, पत्ती और दीपक बेचने का काम करती हैं. रविवार शाम भी दोनों रामघाट पर मौजूद थीं. आरोप है कि इसी दौरान शिप्रा आरती करने वाले गणेश शर्मा ने उन्हें वहां सामान बेचने से मना किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

मारपीट का आरोप, तीन लोग घायल

महिला पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर गणेश शर्मा ने अपने भाई विकास और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया. बताया गया कि पीतल की आरती से किए गए हमले में उमा यादव, उनकी मां ममता परमार और शिप्रा नाम की एक बालिका घायल हो गईं. घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया.

पुजारी पक्ष ने भी लगाए आरोप

मामले में केवल एक पक्ष ने ही आरोप नहीं लगाए हैं. पुजारी गणेश शर्मा की ओर से भी महिला पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है. दोनों पक्षों के आरोपों के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई गई.

Advertisement

घटना के समय रामघाट पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. इस दौरान किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. शुरुआती दिनों में मामला ज्यादा चर्चा में नहीं आया, लेकिन मंगलवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह घटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई. वीडियो सामने आने के बाद पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया केस

पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है. अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. मामले को लेकर एएसपी आलोक वर्मा ने बताया कि घटना में तीन लोगों को मामूली चोटें आई थीं. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है.

Advertisement
Topics mentioned in this article
Ujjain Viral Video
Priest Assaults Girl
Madhya Paradeh News
Mp Breaing News
Viral Video