महाकाल मंदिर के पास बना मांस, VIDEO में हेरिटेज होटल का स्टॉफ बोला- मछली के हाथ धो लेना, जानें विवाद 

Ujjain Mahakal Temple: उज्जैन में महाकाल मंदिर के पास स्थित एमपी पर्यटन निगम के हेरिटेज होटल में नॉनवेज बनाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. कर्मचारियों द्वारा वायरल सीसीटीवी वीडियो के बाद हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है. हालांकि, होटल प्रबंधन ऐसी किसी भी बात से इनकार कर रहा है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Ujjain News: होटल की किचन में नॉनवेज बनाने का बताया जा रहा वायरल वीडियो.

उज्जैन महाकाल मंदिर के पास स्थित मप्र पर्यटन निगम की शुद्ध शाकाहारी होटल में अधिकारियों के लिए नॉनवेज बनाया गया. होटल की किचन में नॉनवेज बनाते स्टाफ का एक वीडियो भी सामने आया है. इस बात को कैमरे की नजर से छिपाने के लिए उसका एंगल भी बदला गया. यह सब वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है. नॉनवेज बनने की शिकायत भी होटल के कर्मचारियों ने ही विभाग से ही और वीडियो भी वायरल किया. इस मामले को लेकर हिंदूवादी संगठनों ने नाराजगी जताई और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग की.  

दरअसल, महाकाल मंदिर से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर स्थित महाराजवाड़ा स्कूल भवन को हेरिटेज होटल बनाया गया था. करीब 18 करोड़ रुपए की लागत से बने सम्राट विक्रमादित्य द हेरिटेज होटल का मार्च 2025 में सीएम डॉ. मोहन यादव ने उद्घाटन किया था. उम्मीद जताई गई थी कि बाबा महाकाल के दर्शन करने आने वाले भक्त यहां बेहतर सुविधा के साथ रुक सकेंगे. लेकिन, अब यही होटल विवादों में घिर गया है. होटल की किचन का एक वीडियो सामने आया है कि जिसमें चार कर्मचारी नॉनवेज डिश बनाते हुए एक-दूसरे से बात कर रहे हैं. इनमें से एक कर्मचारी कहते हुए सुनाई दे रहा है कि मछली वाले हाथ धो लेना. वीडियो में स्टाफ होटल के अधिकारियों और अपने लिए रात में नॉनवेज बनाते दिखाई दे रहा है. इस दौरान कर्मचारियों की नजर किचन में लगे सीसीटीवी पर पड़ती है तो इससे बचने के लिए उसका एंगल भी बदल दिया गया. यह भी वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है.  

कर्मचारियों के विवाद से खुली पोल

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर NDTV ने होटल प्रबंधक सतीश पाठक से बात की. उन्होंने कहा कि  होटल में किसी भी तरह का नॉनवेज खाना नहीं बनाया जाता है. वीडियो में आवाज आ रही है, लेकिन हम वेजिटेबल से कार्विंग करते हैं. संभव है कि कर्मचारी अपनी कार्विंग को लेकर मछली की बात कर रहे हों. हालांकि, वह यह नहीं बता पाए कि मछली की बात करते हुए हाथ धोने की बात क्यों कही जा रही थी. पाठक ने कहा कि मामले की जांच के लिए सोमवार को पर्यटन विभाग की टीम आई थी. उन्हें भी बताया गया कि वीडियो में दिख रही डिश नॉनवेज नहीं, वेज थी. 

पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत 

प्रबंधक सतीश पाठक ने कहा कि होटल के चार पूर्व कर्मचारियों ने आपसी विवाद के बाद आईडी और पासवर्ड के जरिए होटल के गोपनीय सीसीटीवी फुटेज हासिल कर उन्हें वायरल किया. उन्होंने ही 22 फरवरी को विभाग को वीडियो भेजकर इसकी शिकायत दर्ज कराई थी. होटल की छवि खराब कर झूठी शिकायत करने के आरोप में प्रियंका पटेल एफओए, राकेश सेन स्टोर कीपर, हरीशंकर साहू और अर्पित तिवारी के खिलाफ महाकाल थाने में शिकायत की गई है.

किचन में क्या कर रहे थे लाइजनिंग ऑफिसर ?

वायरल वीडियो ने होटल में हो रही गतिविधियों को लेकर कई और भी सवाल खड़े किए हैं. होटल में लाइजनिंग ऑफिसर (संपर्क अधिकारी) के पद पर पदस्थ अजय राणावत का काम होटल में आने वाले अतिथियों को महाकाल के दर्शन और आरती करवाना है. लेकिन, वायरल सीसीटीवी वीडियो में वह अपनी जिम्मेदारी से हटकर किचन से जुड़े कामों में भी हस्तक्षेप करते दिखाई दे रहे हैं. ऐसे में उनकी भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है. सवाल उठ रहा है कि आखिरी रात के समय वे किचन में क्या कर रहे थे. 

हिंदूवादी संगठन ने की कार्रवाई की मांग    

हिंदूवादी संगठन के संयोजक अर्जुन भदौरिया ने NDTV से बात करते हुए कहा कि महाकाल मंदिर की 200 मीटर परिधि में नॉनवेज बनाना और बेचना प्रतिबंध है. ऐसे में हेरिटेज होटल द्वारा भक्तों की आस्था के साथ कथित रूप से खिलवाड़ किया गया है, इससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की. 
Featured Video Of The Day
Ayatollah Khamenei को मशहद में दफनाया जाएगा, श्रद्धांजलि सभा के बाद होंगे सुपुर्द-ए-खाक | BREAKING