जबरन घर में घुसा MP Police का ASI, नाबलिग से दुष्कर्म की कोशिश की, पीड़िता ने खुद को ऐसे बचाया

Rewa News: पीड़ित नाबालिग लड़की की शिकायत पर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है. आरोपी के खिलाफ बिछिया थाने में ही केस दर्ज किया गया है, मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Rewa Crime News: रीवा जिले के बिछिया थाने के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर पर लगा दुष्कर्म का आरोप, पुलिस के उच्च अधिकारियों ने नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी जांच. किराए से मकान लेने के नाम से घर के अंदर प्रवेश करने के बाद अकेली नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और दुष्कर्म का किया प्रयास. लड़की अपने चाचा के साथ कभी बिछिया थाने गई थी, किसी मामले में शिकायत दर्ज कराने, उसी के बाद से ही असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर की नजर नाबालिक लड़की पर थी.

रीवा जिले के बिछिया थाने में पदस्थ असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप एक नाबालिग लड़की ने लगाया है. लड़की का कहना है कि वह एक मामले को लेकर अपने चाचा के साथ शिकायत दर्ज कराने बिछिया थाने गई थी. इसके बाद से असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर की नजर उस पर थी.

माता-पिता घर पर नहीं थे 

पीड़ित नाबालिग लड़की के अनुसार, 29 मार्च को असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर राकेश सिंह उस समय लड़की के घर पहुंचे, जब उसके माता-पिता दोनों घर पर नहीं थे. मां पड़ोस में अपनी मां के घर गई थी और पिता ऑटो चलाने के लिए घर से बाहर गए थे.

खुद को बचाने के लिए छत पर पहुंची नाबालिग 

आरोप है कि उप निरीक्षक (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर) राकेश सिंह किराए से मकान लेने के नाम पर जबरन घर के अंदर घुस गए, पानी मांगा और इसके बाद लड़की से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया. लड़की खुद को बचाने के लिए घर की छत पर चली गई. छत खुली होने की वजह से आरोपी उप निरीक्षक डर गया,  उसे लगा कि कोई देख लेगा, जिसके बाद वह घर से निकलकर चला गया.

पीड़िता ने मां को बताई पूरी घटना  

कुछ देर बाद लड़की की मां वापस घर लौटी, तब पीड़िता ने पूरी घटना उसे बताई. इसके बाद मामला पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा. लड़की की शिकायत पर असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है. पीड़िता की शिकायत पर बिछिया थाने में ही केस दर्ज किया गया है, जबकि मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है. 

गिरफ्तारी नहीं होने पर परिवार ने उठाए सवाल 

लेकिन, पीड़ित परिवार का कहना है कि अगर शिकायत किसी आम व्यक्ति के खिलाफ होती है तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी कर लेती. लेकिन, आरोपी पुलिसकर्मी को अब तक नहीं पकड़ा गया है, अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं.  

Advertisement

(रीवा से जावेद अंसारी की रिपोर्ट)  
 

Featured Video Of The Day
Iran Israel War News: Lebanon में मचेगी तबाही! नेतन्याहू ने सेना को दिया बड़ा आदेश | Hezbollah | Gaza