छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस ने बस चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इंटरस्टेट बस स्टैंड भाठागांव से आरोपी ने बाबा ट्रेवल्स की बस चोरी कर ली थी. प्रार्थी अब्दुल अलीम ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह डुमतराई, रायपुर का निवासी है और बस ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है. बस क्रमांक CG 07 E 0782 का संचालन और देखरेख वह स्वयं करता है.
रिपोर्ट के मुताबिक 6 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे बस चालक ने नया बस स्टैंड भाठागांव में बस खड़ी की और चाबी चालक सीट के नीचे रखकर घर चला गया. अगले दिन 7 मार्च की सुबह करीब 8 बजे जब चालक वापस पहुंचा तो बस वहां नहीं मिली. इसके बाद प्रार्थी ने बस की तलाश की, लेकिन बस का कोई पता नहीं चला. शिकायत के आधार पर थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 197/2026 के तहत धारा 305 BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
CCTV और फास्टैग से पुलिस को मिला सुराग
घटना को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल और पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला ने गंभीरता से लिया और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए.
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर बस चालक, दुकानदारों, बस स्टैंड कर्मचारियों और अन्य लोगों से पूछताछ की.
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में एक अज्ञात व्यक्ति बस को खुद चलाकर ले जाता दिखाई दिया. इसके बाद पुलिस ने संभावित मार्गों के CCTV फुटेज और बस में लगे फास्टैग के जरिए टोल प्लाजा की जानकारी भी जुटाई. तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू निवासी गेवरा बस्ती जिला कोरबा के रूप में हुई.
जांजगीर-चांपा से दबोचा गया आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम तरौंद में छिपा है. इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भाठागांव बस स्टैंड में हेल्पर का काम करता था और बसों की गतिविधियों से परिचित था. घटना के दिन उसने देखा कि बस में कोई नहीं है और चाबी सीट के नीचे रखी है. मौके का फायदा उठाकर उसने बस की चाबी उठाई और बस चलाकर वहां से ले गया.
10 लाख की बस बरामद
पुलिस ने आरोपी मनबोध रात्रे उर्फ टेटू (24) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की बस CG 07 E 0782 बरामद कर ली है. आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है. इस कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, सउनि मंगलेश्वर सिंह परिहार, प्र.आर. गुरूदयाल सिंह, आरक्षक राकेश सोनी, तुकेश निषाद, भूपेन्द्र मिश्रा, अजय चौधरी तथा टिकरापारा थाना से उपनिरीक्षक बालेश्वर लहरे, अरुण ध्रुव और दया शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
Chhattisgarh News, CG News, Raipur News, Raipur Bus Theft Case, Bus Stolen Raipur Bus Stand, Raipur Police Action, Chhattisgarh Hindi News, CG Latest News, Bus Theft Case Raipur, Chhattisgarh Crime News














