Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के सतना के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मण मार्केट में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ज्वेलरी कारीगर शिशिर बंगाली ने कथित लेनदेन विवाद से परेशान होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की. मौके पर मौजूद सराफा व्यापारियों और अन्य लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और उसे तत्काल पकड़कर सुरक्षित कर लिया गया.
धोखाधड़ी का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिशिर बंगाली ने आरोप लगाया है कि आभूषण कारोबारी कमल बंगाली ने अलग-अलग समय पर उससे करीब 500 ग्राम सोने से बनी चेन ली थी, लेकिन अब न तो सोना वापस किया और न ही उसकी कीमत लौटाई. शिशिर का यह भी आरोप है कि कमल के कारीगर देवरंजन बंगाली ने मध्यस्थता के दौरान वादाखिलाफी करते हुए उसके साथ धोखाधड़ी की.
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
वहीं दूसरी ओर कमल बंगाली ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि उसका शिशिर बंगाली के साथ किसी प्रकार का कोई लेनदेन नहीं हुआ है. उन्होंने खुद को आरोपों से पूरी तरह अलग बताया है. बताया जाता है कि शिशिर और कमल पहले साझेदारी में आभूषण निर्माण का काम करते थे. करीब नौ महीने पहले शिशिर ने चेन बनाने की मशीन खरीदकर अपना अलग व्यवसाय शुरू कर लिया था. अलग होने के बावजूद दोनों के बीच देवरंजन बंगाली मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा.
लेनदेन को लेकर बढ़े विवाद के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे प्रकरण की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: बदायूं में चलती कार में लगी आग, CHO महिला की जिंदा जलकर मौत; पति भी गंभीर रूप से झुलसा














