लव मैर‍िज के बाद चले चाकू, दूल्‍हा-दुल्‍हन समेत कई आए चपेट में, 2 साल से कर रहे थे शादी का इंतजार

Love Marriage Dispute Madhya Pradesh: गुजरात के सूरत से भागकर मध्‍य प्रदेश के इंदौर में लव मैरिज करने वाले युगल को ओंकारेश्वर में सामाजिक फेरे कराना भारी पड़ गया. बस स्टैंड पर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ा कि चाकू चल गए. दूल्हा, उसका दोस्त और पत्नी घायल हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Love Marriage Dispute Madhya Pradesh: गुजरात के सूरत से घर से भागकर मध्‍य प्रदेश के इंदौर में लव मैरिज करने वाले युगल जोड़े को तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में सामाजिक रीति-रिवाज से फेरे कराना भारी पड़ गया. शादी की रस्म के लिए पहुंचे दोनों पक्षों के बीच पुराना बस स्टैंड पर विवाद इतना बढ़ गया कि चाकू चल गए. इस घटना में दूल्हा, उसका दोस्त और पत्नी घायल हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इंदौर में किया था लव मैरिज, ओंकारेश्वर बुलाए गए दोनों परिवार

फरियादी नानकदास पिता लक्ष्मण पंवार (25), निवासी भट्टयान बुजुर्ग, जिला खरगोन ने पुलिस को बताया कि उसकी सगाई करीब दो साल पहले ग्राम अंदड़ निवासी अरुणा से हुई थी. काफी समय से लड़की के पिता शादी के लिए तैयार नहीं थे. चार फरवरी 2026 को वह अरुणा को सूरत (गुजरात) से लेकर आया और इंदौर में वैदिक संस्कार संस्था से प्रेम विवाह कर विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त किया.

सामाजिक फेरे कराने की बात पर हुआ विवाद

लव मैरिज के बाद लड़की पक्ष ने सामाजिक रीति-रिवाज से शादी के फेरे भी कराने की बात कही. इसके लिए दोनों परिवारों को ओंकारेश्वर बुलाया गया.शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे दोनों पक्ष पुराना बस स्टैंड पर मिले, जहां से शादी की रस्में पूरी करने जाना था. इसी दौरान लड़की को भगाकर लाने की बात को लेकर विवाद शुरू हो गया.

चाकू से हमला, दूल्हे के गाल पर वार

आरोप है कि लड़की के पिता केसरिया सांवले के साथ दोनों साले अरुण, संदीप और रिश्तेदार सागर सांवले, अमन कनाडे ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर छोटे साले संदीप सांवले ने धारदार चाकू से नानकदास की गर्दन पर हमला करने की कोशिश की और उसके बाएं गाल पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया.

बीच-बचाव करने आए दोस्त की पीठ में घोंपा चाकू

बीच-बचाव करने आए नानकदास के दोस्त राम हिरवे की पीठ में भी चाकू घोंप दिया गया. उसकी हालत गंभीर होने पर ओंकारेश्वर अस्पताल से खंडवा रेफर किया गया है. झगड़ा छुड़ाने आई दुल्‍हन अरुणा के साथ भी मारपीट और गला दबाने का आरोप लगाया गया है. मौके पर मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने बीच-बचाव किया, तभी पुलिस मौके पर पहुंची.

थाना प्रभारी अनोख सिंह सिंद्या ने बताया कि सभी पक्षों को थाने लाया गया था. घायलों का मेडिकल कराया गया है. आरोपितों से पूछताछ जारी है. विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे जांच की जा रही है.

Read: प्‍यार में 7 हजार KM दूर आई फ्रांस की युवती, MP के युवक से की लव मैर‍िज, जानें कैसे दे बैठी थी दिल? देखें PICS

Advertisement
Featured Video Of The Day
Janakpuri Biker Death: दिल्ली वाले सावधान, गड्ढे ने ले ली जान! | Pothole | Dekh Raha Hai India