VIDEO: ननि नेता प्रतिपक्ष ने सिटी मजिस्ट्रेट के पकड़े पैर, खंडवा में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुआ बवाल 

खंडवा के सूरजकुंड क्षेत्र में रेलवे और जिला प्रशासन की अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई के दौरान हंगामा हो गया. नाराज लोगों ने नारेबाजी की, जबकि नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर के पैर पकड़कर कहा- “बजरंग बली समझकर झुका.”

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Khandwa Encroachment Drive Clash: मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के सूरजकुंड क्षेत्र में रेलवे और जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होते ही माहौल गरमा गया. नाराज स्थानीय लोग कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और तेज नारेबाजी की. इसी दौरान एक नाटकीय दृश्य देखने को मिला. नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग सिंह बहादुर के पैर पकड़ते नजर आए और बोले कि इन्हें बजरंग बली समझकर पैर पकड़ लिए. बवाल बढ़ता देख प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी, अंतिम निर्णय के लिए वरिष्ठ अधिकारी कल मौके पर पहुंचेंगे.

दरअसल, परीक्षाओं के चलते पहले अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया रोकी गई थी, लेकिन अब इसे फिर से शुरू किया गया. रेलवे टीम ने आते ही कुछ मकानों पर बुलडोज़र चला दिया. इस पर प्रभावित परिवारों ने नारेबाज़ी करते हुए कहा कि “हमारे ऊपर से बुलडोजर चला दो, यहीं हमारी समाधि बना दो; हम वर्षों से यहां रह रहे हैं.”

नेता प्रतिपक्ष का नाटकीय कदम

हंगामे के बीच नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर सिटी मजिस्ट्रेट के पैर पड़ गए. राठौर ने कहा कि ये लोग जेल भेज देते हैं, इसलिए इन्हें बजरंग बली समझकर पैर पकड़ लिए. उनके इस कदम ने मौके का माहौल और गरमा दिया तथा भीड़ में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. नेता प्रतिपक्ष दीपक मुल्लू राठौर ने कहा कि हम जनता की बात रखने आए हैं. त्यौहार के दौरान माता‑बहनों को हटाया जा रहा है और सब चुप हैं- ऐसे बनाएंगे हिंदू राष्ट्र? इंसानी बस्ती हटाने से पहले इंसानी समाधान होना चाहिए.

महिलाए बोलीं- ‘पहले रहने का इंतजाम करो'

विरोध कर रहीं महिलाओं ने कहा कि उन्हें पांच पीढ़ियों से बसे घरों से हटाया जा रहा है. उनका कहना है कि हम टैक्स देते हैं, पहचान पत्र हैं. अगर हटाना ही है तो पहले विकल्प दीजिए, रिहायशी व्यवस्था कराइए. स्थानीय निवासी ममता ने कहा कि हमारे छोटे‑छोटे बच्चे हैं. अचानक बुलडोज़र आ गया. पहले कहीं शिफ्ट करने की व्यवस्था कीजिए, तब घर तोड़िए.

Advertisement

जमीन की स्थिति साफ की जाए- पार्षद

स्थानीय पार्षद ने कहा कि वे लगातार रेलवे से कह रहे हैं कि यह जमीन नजूल में आती है, इसलिए पहले नपती कराकर उसकी कानूनी स्थिति स्पष्ट की जाए. पार्षद के मुताबिक, दस्तावेजों की जांच के बिना की जा रही कार्रवाई से निर्दोष परिवार प्रभावित हो सकते हैं.

प्रशासन का दखल और अगला कदम

बढ़ते तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और रेलवे को फिलहाल कार्रवाई रोकने को कहा. जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारी कल मौके पर पहुंचकर स्थिति की समीक्षा करेंगे. उसके बाद ही आगे की दिशा तय होगी.  

Advertisement
Featured Video Of The Day
Trump Statement on Iran Attacks: बीच Debate ट्रंप के बड़े फैसले पर आमने-सामने भिड़े पाक-US पैनलिस्ट!