MP Minister Kailash Vijayvargiya Gets Emotional Over BJP Performance in Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा इतिहास रचने के करीब है. पार्टी 195 सीटों पर बढ़त 2 मई दोपहर 2 बजे तक बढ़त बनाए हुए है, जबकि ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी 93 सीटों पर सिमटती दिख रही है. इन रूझानों के बाद से मध्य पद्रेश में जमकर जश्न मनाया जा रहा है. इंदौर भाजपा कार्यालय पर जश्न का माहौल देखने को मिला. हालांकि, इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भावुक हो गए. मीडिया से बातचीत के दौरान उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े. विजयवर्गीय कहा कि उन्हें इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि यह पल उनके लिए इतना भावुक कर देने वाला होगा. उन्होंने कहा कि मुझे कितनी खुशी हो रही है, यह मैं बता भी नहीं सकता.
बंगाल में थी जंगल राज जैसे हालात
कैलाश विजयवर्गीय ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त को “देश के लिए तोहफा” बताते हुए कहा कि राज्य में पिछले 15 वर्षों से अराजकता और भय का माहौल था. उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में प्रदेश में “जंगल राज” जैसी स्थिति बनी हुई थी, जहां लोकतंत्र कमजोर हुआ और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर लगातार अत्याचार हुए.
विजयवर्गीय पर दुष्कर्म और चाइल्ड ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर आरोप
मंत्री कैलाश ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में सक्रिय राजनीति के दौरान उनके खिलाफ कई तरह के प्रकरण दर्ज किए गए. इनमें दुष्कर्म और चाइल्ड ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर आरोप भी शामिल थे. विजयवर्गीय ने इन मामलों को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि भाजपा नेताओं को डराने और दबाने के लिए इस तरह के कदम उठाए गए थे.
विशेष विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश
इस दौरान विजयवर्गीय ने ममता बनर्जी के साथ-साथ एम. के. स्टालिन और अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधा. विजयवर्गीय ने कहा कि ये नेता देश में एक विशेष विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जनता अब जागरूक हो चुकी है, विकास और सुशासन के पक्ष में मतदान कर रही है.
छत्तीसगढ़ सीएम बने 'राजमिस्त्री', पीएम आवास योजना में बन रहे मकान की दीवार में लगाई ईंटें
कार्यकर्ताओं का बढ़ा जोश
इससे पहले इंदौर भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की. कार्यकर्ताओं का कहना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की बढ़त पार्टी के लिए ऐतिहासिक साबित होगी और आने वाले समय में इसका असर राष्ट्रीय राजनीति पर भी देखने को मिलेगा.
मुख्यमंत्री साय मैदान में उतरे, बच्चों के साथ खेला क्रिकेट, जशपुर में जमकर घुमाया बल्ला














