MP में गोपाल जी पुण्य विवाह योजना का पर्चा वायरल, BJP विधायक की पहल या सियासी संदेश?

Gopal Ji Punya Vivah Yojana: सागर जिले के रहली क्षेत्र में “गोपाल जी पुण्य विवाह योजना” का पर्चा तेजी से वायरल हो रहा है. BJP MLA गोपाल भार्गव द्वारा गरीब कन्याओं के विवाह का खर्च उठाने की बात कही गई है, जिसे लेकर सामाजिक और राजनीतिक दोनों तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins

Gopal Ji Punya Vivah Yojana: मध्य प्रदेश में हमेशा अपने बयानों और राजनीतिक सक्रियता को लेकर सुर्खियों में रहने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता और रहली विधानसभा से विधायक गोपाल भार्गव एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं. हालांकि इस बार वजह कोई बयान नहीं, बल्कि एक पर्चा है, जो इन दिनों सागर जिले सहित खासतौर पर रहली क्षेत्र में तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है.

“गोपाल जी पुण्य विवाह योजना” का पर्चा वायरल

जानकारी के मुताबिक, इस योजना के तहत विवाह करने वाले जोड़ों को पांच हजार रुपए की नगद राशि के साथ गृहस्थी का जरूरी सामान भी उपहार स्वरूप दिया जाएगा. पर्चे में यह भी उल्लेख किया गया है कि गोपाल भार्गव ने करीब 26 वर्ष पहले गरीब कन्याओं के विवाह का जिम्मा उठाया था. उस समय वे अपने निजी प्रयासों से 100 से 150 कन्याओं का विवाह संपन्न करवाते थे.

सागर ज‍िले में यह पर्चा “गोपाल जी पुण्य विवाह योजना” के नाम से प्रसारित हो रहा है. पर्चे में दावा किया गया है कि विधायक गोपाल भार्गव अब गरीब कन्याओं के विवाह का पूरा खर्च स्वयं वहन करेंगे.

सरकारी योजना से जुड़ा इतिहास

बाद में इसी पहल को सरकार ने व्यापक स्तर पर अपनाया और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के रूप में विस्तार दिया गया. इसके बाद इस योजना के तहत बड़े पैमाने पर सामूहिक विवाह आयोजित होने लगे, जिनमें हजारों जोड़े शामिल होते थे.

हालांकि पर्चे में मौजूदा व्यवस्था को लेकर असंतोष भी झलकता है. बताया गया है कि वर्तमान में इस योजना को सीमित कर दिया गया है और पूरे जिले में केवल 200 विवाह की अनुमति दी गई है. ऐसे में रहली विधानसभा क्षेत्र में मात्र 22 कन्याओं के विवाह ही संभव हो पाएंगे. इसी को देखते हुए गोपाल भार्गव ने स्वयं आगे आकर शेष जरूरतमंद कन्याओं के विवाह कराने का निर्णय लिया है. 

Advertisement

Gopal Ji Punya Vivah Yojana

मिलीजुली प्रतिक्रिया

इस पहल को लेकर क्षेत्र में मिश्रित प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. एक ओर जहां समर्थक इसे समाजसेवा और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक हलकों में इसे एक बड़े संदेश के रूप में देखा जा रहा है. खासतौर पर यह सवाल उठ रहा है कि आखिर एक वरिष्ठ भाजपा नेता को अपनी ही सरकार की योजना से अलग होकर निजी स्तर पर ऐसी पहल करने की जरूरत क्यों पड़ी.

सियासी मायनों की भी चर्चा

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस कदम के पीछे कई संकेत छिपे हो सकते हैं. गौरतलब है कि हाल ही में राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान गोपाल भार्गव को शामिल नहीं किया गया था. इसके बाद से ही उनके रुख में कुछ बदलाव देखने को मिल रहा है. कई मौकों पर वे अपनी ही सरकार की नीतियों से असहज नजर आए हैं, हालांकि उन्होंने खुलकर कोई विरोध नहीं जताया.

Advertisement

ऐसे में “गोपाल जी पुण्य विवाह योजना” को केवल एक सामाजिक पहल मानना शायद पूरी तस्वीर नहीं दिखाता. जानकारों का कहना है कि यह कदम कहीं न कहीं क्षेत्रीय राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने और जनाधार को और विस्तार देने की रणनीति भी हो सकता है. रहली क्षेत्र में गोपाल भार्गव की मजबूत पकड़ पहले से ही रही है, और इस तरह की पहल उनके जनसंपर्क को और मजबूत कर सकती है.

विपक्ष ने उठाए सवाल

वहीं विपक्ष भी इस मुद्दे को लेकर सक्रिय हो गया है. विपक्षी दलों का कहना है कि यदि सरकारी योजना प्रभावी ढंग से लागू होती, तो किसी विधायक को अलग से योजना चलाने की जरूरत ही नहीं पड़ती. उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि योजनाओं में कटौती कर गरीबों के हितों से समझौता किया जा रहा है.

हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. लेकिन जिस तरह से यह पर्चा चर्चा में है और लोगों के बीच तेजी से फैल रहा है, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में यह मुद्दा सागर जिले की राजनीति में अहम भूमिका निभा सकता है.

फिलहाल, “गोपाल जी पुण्य विवाह योजना” ने न सिर्फ सामाजिक सरोकारों को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा कर दी है. अब देखना यह होगा कि यह पहल केवल समाजसेवा तक सीमित रहती है या फिर सागर जिले की राजनीति को कोई नया मोड़ देती है.

Advertisement
Featured Video Of The Day
IndiGo Flight Emergency Landing: दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग, विशाखापत्तनम सेआ रही थी फ्लाइट
Topics mentioned in this article